नई दिल्ली (आईएएनएस)। देश में कोरोना वायरस के दैनिक नए मामलों में मंगलवार को एक बड़ी कमी देखी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में 3,29,942 कोविड -19 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके पहले शुक्रवार को भारत ने सबसे अधिक 4,14,188 मामले दर्ज किए थे। वहीं एक दिन में 3,876 माैतें दर्ज हुई हैं। पिछले 19 दिनों में भारत की दैनिक कोविड टैली में तीन लाख से अधिक मामले दर्ज हो रहे थे। इसके अलावा पिछले 13 दिनों से हर दिन 3,000 से अधिक माैतों की संख्या दर्ज की जा रही है।

सक्रिय कोविड -19 मामलों की संख्या 37,15,221 है

भारत में अब तक 2,29,92,517 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। वर्तमान में सक्रिय कोविड -19 मामलों की कुल संख्या 37,15,221 है। इनमें से कुछ मरीजों का इलाज अस्पताल में तो कुछ का होम आइसोलेशन हो रहा है। देश में अब तक कुल 2,49,992 मौतें हो चुकी हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 3,56,082 लोगों को छुट्टी दी गई है। इस तरह से कोरोना वायरस से अब तक 1,90,27,304 लोग ठीक हो चुके हैं।

अब तक कुल 17,27,10,066 लोगों को टीका लग चुका

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 17,27,10,066 लोगों को टीका लगाया गया है। इसमें पिछले 24 घंटों में लगाए गए 25,03,756 टीके भी शामिल हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के अनुसार, कोविड -19 के लिए 30,56,00,187 नमूनों का परीक्षण 10 मई तक किया गया है। इनमें से 18,50,110 नमूनों का सोमवार को परीक्षण किया गया।

National News inextlive from India News Desk