नई दिल्ली (पीटीआई)। कोरोना वायरस के केस हर दिन तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत ने लगातार छठे दिन 10,000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। बीते 24 घंटों में 10,990 लोग काेरोना वायरस की चपेट में आए हैं। वहीं जो माैत के आंकड़े सामने आए हैं वह अब तक का एक दिन का सबसे ज्यादा संख्या है। कोरोना वायरस की वजह से एक दिन 2,003 लोगों की माैत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बुधवार सुबह तक दर्ज किए गए मामलों से देश में कोरोना वायरस मामलों की संख्या बढ़कर 3,54,065 हो गई। वहीं मृतकों का आंकड़ा 11,903 हो गया है।

कोरोना वायरस के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,55,227

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,55,227 है, जबकि 1,86,934 लोग इस खतरनाक बीमारी से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं एक मरीज पलायन कर गया है। इस प्रकार, लगभग 52.79 प्रतिशत मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। पुष्टि किए गए कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या 3,54,065 में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

एक दिन में महाराष्ट्र में सबसे अधिक 1,409 लोगों की मृत्यु हुई

बीते 24 घंटों में हुई 2,003 नई मौतों में से, महाराष्ट्र में सबसे अधिक 1,409 लोगों की मृत्यु हुई। इसके बाद दिल्ली में 437, तमिलनाडु में 49, गुजरात में 28, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में 18-18, मध्य प्रदेश में 11, पश्चिम बंगाल में 10, राजस्थान में 7, कर्नाटक में 5 और तेलंगाना में 4 लोग मारे गए हैं। बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, पंजाब, पुडुचेरी और उत्तराखंड में एक-एक मौत हुई है।

National News inextlive from India News Desk