नई दिल्ली (एएनआई)। कोरोना वायरस के मामले लगातार 19 वें दिन 30,000 से नीचे रहे। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को सूचित किया कि भारत ने पिछले 24 घंटों में 20,036 नए कोविड ​​-19 मामलों की सूचना दी है। इस तरह से देश में संक्रमितों की संख्या 1,02,86,710 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस की वजह से 256 लोगाें की माैत हुई है। इस तरह से देश में कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1,48,994 हो गया। इसके साथ ही सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 2,54,254 है।


देखें किस राज्य में कोविड के कितने सक्रिय मामले
देश में अब तक 98,83,461 लोग इससे उबर चुके हैं। भारत में सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 3,509 नए मामले और 58 मौतें दर्ज की हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब तक यहां 18,28,546 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 49,521 है। केरल में गुरुवार को 5,215 नए मामले, 5,376 रिकवरी और 30 मौतें हुईं। राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 65,381 है।


अब तक 17,31,11,694 लोगों का सैंपल टेस्ट
वहीं दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में 574 नए कोरोना वायरस के मामले और 888 रिकवर केस दर्ज हुए। यहां पाॅजिटिव केस की कुल संख्या 6,25,369 है और मृतकों की आंकड़ा 10,536 हो गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी में वर्तमान में 5,511 सक्रिय मामले हैं। गुरुवार को कोरोना वायरस के लिए 10,62,420 नमूनों का परीक्षण किया गया। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने बताया अब तक परीक्षण किए गए नमूनों की कुल संख्या 17,31,11,694 है।

National News inextlive from India News Desk