नई दिल्ली (पीटीआई / एएनआई)। भारत में इधर बीते कुछ दिनों कोरोना वायरस की रफ्तार हर दिन एक नया रिकाॅर्ड बना रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बीते 1 दिन में 97,570 संक्रमण के नए मामले दर्ज हुए हैं। यह अब तक का एक दिन का सबसे बड़ा उछाल है। कोरोनो वायरस के मामलों की कुल संख्या 46,59,984 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटे में भारत में कोरोन वायरस ने करीब 1,201 लोगों की जिंदगी छीनी है। इस तरह से देश में अब तक 77,472 लोगों की जान इस महामारी की वजह से जा चुकी है।

नेशनल रिकवरी रेट 77.77 प्रतिशत हुआ

हालांकि देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट काफी अच्छा जा रहा है। नेशनल रिकवरी रेट 77.77 प्रतिशत है और अब तक 36,24,196 इससे ठीक भी हो चुके हैं। देश में इस समय सक्रिय मामलों की बात करें तो 9,58,316 एक्टिव केसेज हैं। इन सभी का उपचार हो रहा है। वहीं विश्व स्तर पर कोरोना वायरस के हालातों पर नजर डालें तो जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के नवीनतम अपडेट के अनुसार, दुनिया में कोरोना वायरस से अब तक 28,331,928 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 913,018 लोगों की जान जा चुकी है।

भारत वायरस से दूसरा बुरी तरह प्रभावित देश

अमेरिका 6,653,227 मामलों और 192,968 मौतों के साथ वायरस से सबसे बुरी तरह प्रभावित है। इसके बाद भारत वायरस से दूसरा सबसे बुरी तरह प्रभावित देश है। भारत के बाद ब्राजील का नंबर है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के अनुसार, शुक्रवार को परीक्षण किए गए 10,91,251 नमूनों के साथ देश में अब तक 5,51,89,226 नमूनों का परीक्षण हो चुका है। भारत की कोविड-19 टैली ने 7 अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर लिया था। 23 अगस्त को 30 लाख और यह 5 सितंबर को 40 लाख पार किया था।

महाराष्ट्र सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य

वहीं भारत की राज्यवार बात करें तो 2,61,798 सक्रिय मामलों और 28,282 मौतों के साथ संक्रमण से महाराष्ट्र सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य बना हुआ है। दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश में कुल 97,338 सक्रिय मामले और 4,702 माैतें हैं। कोरोना वायरस के कारण तमिलनाडु में कुल 48,482 सक्रिय मामले और 8,154 मौतें हुई हैं। इसके बाद कर्नाटक में 1,01,556 सक्रिय मामले और 6,937 मौतें हुई हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में इस समय कुल 25, 416 सक्रिय मामले हैं। यहां वायरस से 4,666 मौतें हुई हैं।

National News inextlive from India News Desk