नई दिल्ली (एएनआई)। देश में कोरोना वायरस से शनिवार तक 74,32,681 लोग संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) के अनुसार बीते 24 घंटे में 62,212 नए मामले दर्ज हुए। वहीं एक दिन में 837 लोगों की माैत होने से मृतकों का आंकड़ा 1,12,998 हो गया है। हालांकि इन कुल संक्रमित मामलों में 65,24,596 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं 7,95,087 सक्रिय मामले हैं। इन संक्रमितों में कुछ होम आइसोलेशन में हैं तो कुछ अस्पताल में भर्ती हैं। मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय मामलों में पहली बार डेढ़ महीने में 8 लाख से नीचे की गिरावट आई है।


नए मामलों की संख्या में भी गिरावट दर्ज हुई
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि केंद्र की अगुवाई वाली रणनीतियों का परिणाम है। देश में हर दिन सामने आने वाले नए मामलों की संख्या में भी गिरावट दर्ज हुई है। 1,90,192 कुल सक्रिय मामलों के साथ, देश में महाराष्ट्र कोविड-19 मामलों से सबसे अधिक प्रभावित राज्य है। अन्य गंभीर रूप से प्रभावित राज्यों में, कर्नाटक में 1,12,446 सक्रिय मामले हैं। आईसीएमआर के अनुसार, शुक्रवार तक देश में कोरोना वायरस के लिए कुल 9,32,54,017 नमूनों का परीक्षण किया गया है। इसमें 16 अक्टूबर को जांचे गए 9,99,090 नमूने शामिल हैं।

National News inextlive from India News Desk