नई दिल्ली (पीटीआई / एएनआई)। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 96,551 नए मामले दर्ज हुए हैंं। यह एक दिन में दर्ज हाेने वालों में अब तक की हाईएस्ट स्पाइक है। वहीं पिछले 24 घंटे में 1,209 मौतों से भारत ने एक दिन में माैतों के मामलों में भी हाईएस्ट स्पाइक दर्ज की है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार देश में शुक्रवार को कोरोना वायरस मामलों की संख्या 45 लाख पार कर गई है। अब तक भारत में कुल 45,62,415 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं इस महामारी की वजह से देश में अब तक 76,271 लोगों की जान जा चुकी है।

अब तक 35,42,664 मरीज इस बीमारी से उबर चुके

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोरोना के कुल मामलाें में 9,43,480 सक्रिय मामले हैं। इनमें कुछ लोग होम आइसोलेशन में तो कुछ लोग अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। कोरोना वायरस की चपेट में आए मरीजों के ठीक होने का सिलसिला जारी है। अब तक करीब 35,42,664 मरीज इस बीमारी से उबर चुके हैं। इस वैश्विक महामारी से भारत के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र संक्रमण से देश में सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य है। राज्य ने अब तक 2,53,100 सक्रिय मामले दर्ज किए हैं। वहीं 6,86,462 मरीज ठीक हुए और 27,787 मौतें हुईं हैं।

महाराष्ट्र कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित

कोविड-19 के 97,271 सक्रिय मामलों वाला आंध्र प्रदेश भी गंभीर रूप से प्रभावित है। राज्य में अब तक 4,25,607 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,634 लोगों की मौत बीमारी से हुई है। राष्ट्रीय राजधानी, दिल्ली में 23,773 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं 1,72,763 रोगियों को ठीक किया गया और संक्रमण के कारण 4,638 लोगों की मौत हुई। इस बीच, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने कहा कि देश में अब तक करीब 5,40,97,975 लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है। 10 सितंबर को कोविड-19 के लिए 11,63,542 नमूनों का परीक्षण किया गया।

National News inextlive from India News Desk