सफाईकर्मियों ने ब्रह्मपुरी थाने में किया हंगामा

सफाई कर्मचारी को जबरन नियुक्त करने की कर रहा था मांग

Meerut। नगर निगम के सुपरवाईजर के साथ मारपीट करना पार्षद पति को भारी पड़ गया। नगर आयुक्त के आदेश पर सुपरवाइजर ने पार्षद पति के खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने में एफआईआर दर्ज करा दी। वहीं सुपरवाइजर के मारपीट करने पर सैंकड़ों सफाई कर्मचारियों ने ब्रह्मपुरी थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया।

यह था मामला

दरअसल, एक सफाई कर्मचारी को एक पार्षद का पति एक वार्ड से हटाकर अपने वार्ड में लगवाना चाहता था। पार्षद पति ने इसके लिए नगर आयुक्त से आदेश करा लिए और सुपरवाइजर को सफाई कर्मचारी को भेजने की बात कहने लगे। इस पर सुपरवाइजर ने नगर आयुक्त के आदेश न मिलने की बात कही। इसके बाद जब मंगलवार सुबह सुपरवाइजर पार्षद पति के वार्ड में पहुंचे तो पार्षद पति ने गाली-गलौच करते हुए सुपरवाइजर के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस पर सुपरवाइजर ने नगर आयुक्त को मामले की जानकारी दी।

कर्मचारियों का हंगामा

सुपरवाइजर के साथ मारपीट की सूचना पर सफाई कर्मचारी ब्रह्मपुरी थाने पहुंच गए। सफाई कर्मचारियों ने पार्षद पति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।

सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट करना बहुत गलत बात है। पार्षद पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।

डॉ। कुंवरसेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम