लखनऊ (एएनआई)। Virtual Deepotsav In UP Ayodhya उत्तर प्रदेश के अयोध्या में हर साल की तरह इस साल भी दीपावली पर्व भव्य दीपोत्सव की तैयारी है। हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार कोविड-19 महामारी के चलते एहतियात के तौर पर इस वर्ष अयोध्या में वर्चुअल दीपोत्सव की व्यवस्था की गई है। यूपी सीएम योगी ने एक ट्वीट के जरिए कहा कि कोविड-19 के कारण, जो भक्त अयोध्या पहुंचने में असमर्थ हैं, वे वेबसाइट के माध्यम से श्री राम लाला विराजमान के सामने एक दीप जला सकेंगे। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को कहा कि दीपोत्सव पहली बार अयोध्या में राम जन्मभूमि पर आयोजित किया जाएगा।

दीपोत्सव में पांच लाख से अधिक मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे
पर्यटन मंत्री ने कहा कि इस साल के दीपोत्सव में पांच लाख से अधिक मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे। यह पहली बार होगा कि यह आयोजन राम जन्मभूमि स्थल पर आयोजित किया जाएगा। इस पल का बीते 500 सालों से इंतजार हो रहा था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह भव्य व ऐतिहासिक दीपोत्सव मनाना शुरू किया है। अयोध्या दीपोत्सव 2018 में गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ और यह रिकॉर्ड 2019 में फिर से टूट गया। अयोध्या में साल 2018 में 3 लाख 1186 दीप जलाए गए थे। उसके बाद साल 2019 में 4 लाख 9 हजार 965 दीप जलाए गए थे।

National News inextlive from India News Desk