नई दिल्ली (आईएएनएस)कोरोना वायरस यानी कोविड-19 महामारी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारत सरकार वर्तमान ट्रैवल एडवाइजरी को अपडेट कर रही है या नई जारी कर रही है। भारत में यात्रा को लेकर देश-विदेश के यात्रियों में काफी भ्रम की स्थिति है। 18 मार्च से लागू तमाम जानकारियां और भारत आने वालों के लिए नये नियम और शर्तें इस प्रकार से हैं...

इन देशों से भारत आने पर पूर्ण प्रतिबंध

आस्ट्रिया, बुल्गारिया, क्रोएशिया, साइप्रस, क्रेच रिपब्लिक, डेनमार्क, इस्टोनिया, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, आइसलैंड, हंगरी, आयरलैंड, इटली, लात्वीया, लिकटेंस्टीन, लिथुआनिया, लक्समबर्ग, माल्टा, नीदरलैंड, नाॅर्वे, पोलैंड, पुर्तगाल, रोमानिया, स्लोवाकिया, स्लोवानिया, स्पेन, स्वीडन, स्वीटजरलैंड, तुर्की और यूके से किसी भी एयरलाइंस को भारत में पैसेंजर लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह बैन 18 मार्च से अगले आदेश तक लागू रहेगा। इसी प्रकार फिलीपींस, मलेशिया और अफगानिस्तान से किसी भी एयरलाइंस को भारत में यात्री लाने पर प्रतिबंध है। यह बैन 17 मार्च से ही लागू है। इन देशों से होकर भी कोई पैसेंजर भारत नहीं आ सकेगा, भले ही उनका प्लेन रास्ते में इन देशों में सिर्फ रुका ही क्यों न हो।

यहां से आए तो कर दिया जाएगा अलग

यूएई, कतर, ओमान और कुवैत से आने वाले या इन देशों से होकर आने वाले सभी यात्रियों को अलग रखा जाएगा। यह व्यवस्था 18 मार्च की मध्य रात्रि से ही लागू हो जाएगी। जो यात्री चीन, दक्षिण कोरिया, ईरान, इटली, स्पेन, फ्रांस और जर्मनी घूमकर 15 फरवरी या उसके बाद भारत आए हैं उन्हें भी अलग से रखने के आदेश दिए गए हैं।

कोविड-19 नेगेटिव सर्टिफिकेट जरूरी

दक्षिण कोरिया और इटली से भारत आने वाले भारतीय यात्रियों के लिए कोविड-19 नेगेटिव सर्टिफिकेट जरूरी होगा। इटली से आने वाले पैसेंजर्स को 18 मार्च की आधी रात से आने पर रोक लगा दी गई है। चीन, दक्षिण कोरिया, ईरान, इटली, स्पेन, फ्रांस और जर्मनी से होकर आने वाले भारतीय यात्रियों को अलग रखे जाने के आदेश हैं। यह व्यवस्था 18 मार्च की आधी रात से लागू कर दी गई है।

National News inextlive from India News Desk