मुंबई (एएनआई)। काेरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप उत्तर प्रदेश में काफी ज्यादा है। इस दाैरान शिवसेना नेता संजय राउत ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की स्थिति गंभीर बताते हुए सभी राजनीतिक दलों से राज्य के लोगों की मदद के लिए हाथ मिलाने का आग्रह किया है। उन्हाेंने कहा कि प्रियंका गांधी इस राज्य की कांग्रेस प्रभारी हैं। उत्तर प्रदेश एक बहुत बड़ा राज्य है। यहां की जनसंख्या बहुत बड़ी है। पूरे राज्य में स्थिति चिंताजनक, भयावह है। इसमें सभी दलों को बिना राजनीति के साथ आना चाहिए और देखना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की मदद के लिए क्या किया जा सकता है। यह समय राजनीति करने का नहीं है।

मुख्यमंत्री को लेकर कहा कि वह 24 घंटे काम कर रहे

संजय राउत ने आगे आरोप लगाया कि कुछ राज्यों ने कोविड-19 मामलों में वृद्धि को छुपाने के लिए परीक्षण कम कर दिया है और उत्तर प्रदेश व पश्चिम बंगाल के आंकड़ों से सही तस्वीर सामने आती है। शिवसेना नेता ने आगे कहा कि लाॅकडाउन का असर दिखना शुरू हो गया है और मुंबई जैसे बड़े शहरों में, कोरोना वायरस के मामलों में कमी आई है। मुंबई में मामलों की संख्या आधी है। इसके साथ ही यह भी कहा यदि रोगियों की संख्या कम हो रही है, यदि संक्रमण कम हो रहा है, तो सरकार को कुछ कठोर प्रतिबंध लगने पर इसका समर्थन करना होगा।

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को लेकर कहा कि वह 24 घंटे काम कर रहे हैं।

पिछले 24 घंटों में 32,921 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए

सीएम उद्धव ठाकरे स्वयं देख रहे हैं कि सरकार द्वारा लागू प्रणाली ग्रामीण स्तर पर काम कर रही है यानी संक्रमण को कम कर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, उत्तर प्रदेश ने पिछले 24 घंटों में 32,921 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर,कोविड-19 के लिए कम परीक्षण, ऑक्सीजन बेड की कमी और राज्य में सुस्त टीकाकरण अभियान का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोरोना के मरीज और उनके परिजन बेड, दवाओं और ऑक्सीजन के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

National News inextlive from India News Desk