मुंबई (आईएएनएस)। अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन और उनकी बेटी आराध्या को शुक्रवार शाम सांस फूलने और हल्के बुखार की शिकायत के बाद नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का रविवार को कोविड -19 टेस्ट किया गया था। जिसमें वे पाॅजिटिव निकले थे। हालांकि अभी तक ऐश्वर्या और आराध्या का घर पर इलाज चल रहा था मगर शुक्रवार शाम को उन्हें सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। जिसके बाद सीधे उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।

बच्चन परिवार के 4 सदस्य अस्पताल में
अभिनेता अभिषेक बच्चन और बॉलीवुड आइकन अमिताभ बच्चन पहले से अस्पताल में एडमिट हैं। बिग बी और अभिषेक शनिवार को कोरोना पाॅजिटिव पाए गए थे और तब से उसी अस्पताल में भर्ती हैं। अभिनेत्री और उनकी बेटी क्वारंटीन में रह रही थीं। 77 वर्षीय अमिताभ और 44 वर्षीय अभिषेक ने 11 जुलाई को ट्विटर पर बताया था कि, वह कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं। जिसके बाद उन्हें नानावती अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। अस्पताल के अंदरूनी सूत्र ने पीटीआई को बताया, "दोनों की हालत स्थिर हैं और इलाज जारी है। उन्हें कम से कम सात दिनों तक अस्पताल में रहना होगा।"

अमिताभ के बंगले में काम करने वालों का भी हुआ टेस्ट
अमिताभ की फैमिली के कोरोना पाॅजिटिव आने के बाद उनके बंगलों में काम करने वाले 26 स्टाफ सदस्यों का भी COVID-19 के लिए परीक्षण किया गया। सोमवार को, विश्वास पश्चिम, सहायक नगर आयुक्त, के वेस्ट वार्ड, ने कहा कि सभी स्टाफ सदस्यों ने वायरस के लिए नकारात्मक परीक्षण किया।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk