RANCHI:सिटी को क्राइम फ्री करने और विशेष तौर पर छिनतई, छूरेबाजी, लूट जैसी वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को 50 बाइक दिए गए हैं। जून में ही इन पुलिस बाइकर्स को 50 हॉट स्पॉट चिन्हित कर तैनात किया गया लेकिन क्राइम में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर लगाम नहीं लग पाया है। लोगों का कहना है कि आखिर कहां गायब हो गए हैं पुलिस बाइकर्स जो स्नेचर्स को दबोच तक नहीं पा रहे हैं। सिटी में छिनतई और लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों द्वारा बेखौफ चाकूबाजी भी की जा रही है। इन दिनों चाकू मारकर घायल करने की कई वारदातें सामने आई हैं।

सोमवार से बुधवार तक कई कांड

ताजा घटना बुधवार का है, जहां छिनतई के दौरान दो युवकों को चाकू मारकर अपराधियों ने जख्मी कर दिया। इससे पहले सोमवार की रात अपराधियों ने एक किराना दुकान में लूटपाट का विरोध करने पर चार लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया था। बुधवार की अहले सुबह 3 बजे के करीब कांटाटोली बस स्टैंड के पास चार से पांच लड़कों ने छिनतई के दौरान चाकू मारकर दो युवकों को घायल कर दिया। घटना में पंकज कुमार और सौरभ नामक दो लोग जख्मी हुए हैं। जबकि इस दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन भी झपट ली। मिली जानकारी के अनुसार, महिला को अगवा करने की भी कोशिश अपराधियों ने की।

50 बाइक दस्ते में 100 जवान सड़क पर

शहर के 15 थाना क्षेत्रों में लूट और छिनतई से संबंधित हॉट स्पॉट चिन्हित करने के बाद पुलिस ने 50 बाइक दस्ते के 100 जवानों को वहां तैनात कर किया है। पुलिस को एक कंपनी की ओर से 50 बाइक मिली हैं, जिसमें माइक, सायरन समेत अन्य सुविधाएं दी गई हैं। एक बाइक दस्ता में पुलिस लाइन से एक सिपाही और थाना से एक जमादार को रखा गया है। पुलिसकर्मियों को आदेश दिया गया है कि सभी हथियार लेकर इलाके में गश्ती करेंगे। हॉट स्पॉट पर बाइकर्स द्वारा महिलाओं से लगातार चेन की छिनतई की जा रही है। शहर में चेन स्नेचिंग रोकना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

हर घंटे कंट्रोल रूम में देना है लोकेशन

एसएसपी अनीश गुप्ता ने मोबाइल दस्ता में तैनात सभी जवानों को आदेश दिया है कि हर घंटे कंट्रोल रूम और संबंधित थानेदार को अपना लोकेशन देना होगा। हॉट स्पॉट पर किसी भी संदिग्ध को देखने के बाद उसकी तलाशी लेनी होगी। हॉट स्पॉट से हर तरह की सूचना लेकर उसका सत्यापन करना होगा। कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना देनी होगी। इतने नियमों के बावजूद क्राइम अब कंट्रोल से बाहर है।

ये हैं सिटी के हॉट स्पॉट

-अरगोड़ा थाना: वास्तु विहार, अशोक नगर, निगम पार्क, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, बसंत विहार, हरमू चौक, डीएवी कपिलदेव के समीप।

-बरियातू : पुष्प विहार, तेतर टोली मैदान, भरम टोली, डॉक्टर्स कॉलोनी, हरिहर सिंह रोड और करमटोली।

-चुटिया: सुजाता चौक, अनंतपुर, सरकारी बस स्टैंड, मुंडा चौक, क्लब रोड, रेलवे कॉलोनी, बहू बाजार, अपर चुटिया, गोसाईं कॉलोनी।

-डोरंडा: कडरू, परस टोली, कुम्हार टोली, मेकॉन, डिबडीह पुल, एयरपोर्ट रोड, पत्थर रोड, गौरी शंकर नगर और जज कॉलोनी।

-गोंदा: चांदनी चौक, रांची कॉलेज के समीप, मुख्यमंत्री आवास पूर्वी गेट।

-जगन्नाथपुर: सिंह मोड़, लटमा रोड, बिरसा चौक, हवाई नगर, हटिया स्टेशन रोड, पत्थलकोचा, हेसाग, पटेल नगर।

-कोतवाली: रणंधीर वर्मा चौक, जाकिर हुसैन पार्क, सेवा सदन, किशोरगंज, पुरानी रांची, चडरी तालाब, अल्बर्ट एक्का चौक, लालजी हिरजी रोड, विष्णु गली।

-लालपुर: रांची कॉलेज के समीप, डिप्टीपाड़ा, प्लाजा चौक, लोहरा कोचा, व‌र्द्धवान कंपाउंड, पीस रोड, डंगरा टोली और डिस्टिलरी पुल।

-लोअर बाजार: ईस्ट जेल रोड, कांटा टोली, कुरैशी मोहल्ला, इस्लाम नगर, नया टोली, थड़पखना और बाबू लेन।

-पंडरा ओपी: पिस्का मोड़, ओटीसी मैदान, लकड़ी टाल, जतरा मैदान, पंडरा बाजार।

-सदर: चेशायर होम रोड, लालू खटाल, बूटी मोड़, बांधगाड़ी, दीपाटोली, आदर्श नगर और शिव शक्ति नगर।

-सुखदेवनगर: बिरला मैदान, राम बिलास पेट्रोल पंप, दुर्गा मंदिर, अलकापुरी, मधुकम, देवी मंडप, आनंद नगर।

-तुपुदाना: तुपुदाना चौक, तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया।

-नगड़ी: कटहल मोड़, दलादली चौक।

वर्जन

हाल के दिनों में जो वारदातें सामने आई हैं, वो काफी गंभीर हैं। राजधानी में छिनतई और लूटपाट की वारदातें बढ़ी हैं। यह बेहद चिंताजनक है। पुलिस महकमा ऐसे मामलों को लेकर गंभीर है। रांची पुलिस अब चेकिंग अभियान चलाकर चाकू रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। चाकू के बल पर लूटपाट को रोकने के लिए विशेष टीम तैयार की जाएगी। सुनसान जगहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

एवी होमकर, डीआईजी, रांची