बनारस बार के पूर्व महामंत्री ने कैंट थाना में दी तहरीर

भाजपा काशी प्रांत के पदाधिकारियों ने किया था पौधरोपण

इस समय पूरे देश में पौधरोपण अभियान चल रहा है। पौधों और जीव-जंतुओं की रक्षा के लिए देश के पीएम नरेंद्र मोदी जंगल की खाक छान रहे हैं। यूपी के सीएम पौधरोपण में व‌र्ल्ड रिकार्ड बनवाना चाहते हैं। उसी समय में पीएम के लोक सभा क्षेत्र वाराणसी में महज 72 घंटे में ही डेढ़ हजार पौधों की हत्या कर दी गई है। जी हां, हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए सोमवार को बनारस बार के पूर्व महामंत्री ने कैंट थाना में तहरीर दी है। आरोप है कि बीते शुक्रवार को भाजपा कांशी प्रांत के पदाधिकारियों की ओर से विवेकानंद धाम एलटी कॉलेज में रोपे गए डेढ़ हजार पौधे सोमवार को तहस नहस और गायब मिले।

साथियों के साथ पहुंचे थाने

बीते शुक्रवार को अर्दली बाजार स्थित विवेकानन्द प्रवास स्थल पर काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, उत्तरी विधायक रविन्द्र जायसवाल, बनारस बार अध्यक्ष राजेश मिश्रा, पूर्व महामंत्री नित्यानन्द राय, जोनल अधिकारी वरुणा पार, व्यापार मंडल ने व्यापक पौधरोपण किया था। दावा था कुल डेढ़ हजार पौधे लगाये गये थे। पौधों की स्थिति जांचने सोमवार की शाम जब बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानन्द राय, विनोद पांडेय, वेंक्टेश्वर सिंह मोनू, व्यापार मंडल के महामंत्री मनोज दुबे पहुंचे तो पौधे गायब थे। अधिवक्ता नित्यानन्द राय ने डायल-100 को सूचना दी। इसके बाद साथियों संग कैंट थाना पहुंचे और पौधों की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।