RANCHI:राजधानी में महिलाओं के साथ हो रहे अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे। स्नैचिंग, लूट और जालसाजी की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। गुरुवार को भी एक महिला ठगी की शिकार हुई। उससे गहना चमकाने के बहाने चार लाख के जेवरात लेकर उचक्के चंपत हो गए। इस घटना पर पीडि़त गायत्री सिन्हा ने बरियातु थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

क्या है मामला

बरियातू थाना क्षेत्र के टैगोरहिल रोड स्थित प्रमोद भवन में गायत्री सिन्हा ने पुलिस को बताया कि सुबह 11 बजे दो युवक उनके फ्लैट पर पहुंचे और पतंजली का प्रोडक्ट इस्तेमाल करने की बात कही। इस दौरान उनके फ्री में गहना चमकाने की बात कहने पर उन्होंने सोने की चेन, कान की बाली, सोने की अंगूठी, हार समेत कई अन्य जेवरात लाकर उन्हें चमकाने के लिए दे दिया। दोनों युवकों ने महिला को एक बर्तन में पानी लाने को कहा। महिला ने पानी लाकर दिया जिसमें थोड़ा पाउडर डालने के बाद यह कहते हुए पानी से भरा बर्तन महिला को दे दिया कि इसे 10 मिनट तक गैस चूल्हे पर चढ़ा दें। पानी अच्छे से खौल जाने पर गहना निकला लीजिएगा। महिला जैसे ही पानी को गैस चूल्हे पर चढ़ाने गई तबतक दोनों युवक गायब हो चुके थे। इस पर महिला ने बर्तन का पानी गिराकर चेक किया तो उसमें गहने डाले ही नहीं गए थे।