-दीपावली पर खपाने के लिए पटाखा बनाकर घर में कर रखा था डम्प, गर्भवती पत्नी की मौत

-धमाका इतना शक्तिशाली था कि पड़ोसी की दीवार में हो गया सुराख

PRAYAGRAJ: घर में स्टोर के किए गए पटाखों से हुए धमाके में खुशनुमा उर्फ हिना (24) की रविवार भोर मौत हो गई। वह गर्भवती थी। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि पड़ोसी के दीवार में होल हो गया। दीवार में हुए होल से निकली ईट कमरे में सो रही पड़ोस की रेशमा के सिर पर जा गिरी। इससे रेशमा भी गंभीर रूप से घायल हो गई। धमाकों की आवाज सुन कस्बे में हडकंप मच गया। लोगों की नींद उड़ गई। खबर मिलते ही कोरांव थाने की पुलिस भी जा पहुंची। घायल महिला को अस्पताल और मृतका के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।

बगैर लाइसेंस करता था निर्माण

यमुनापार के कोरांव थानाक्षेत्र स्थित कटरा मोहल्ले की बेहद घनी आबादी है। मोहल्ला निवासी इलियास कई साल से पटाखा बनाने का काम घर में कर रहा था। उसके पास पटाखा बनाने का कोई लाइसेंस नहीं था। दीपावली नजदीक देख वह पटाखा बनाकर घर में स्टोर कर रखा था। बने हुए पटाखों को घर में सीढ़ी के पास गड्ढा खोदकर उसी में रखे हुए था। सीढ़ी के ठीक बगल स्थित कमरे में उसके बेटे वारिश का कमरा है। वारिश कस्बे में ही कॉस्टमेटिक्स की दुकान चलाता है। रविवार भोर करीब पांच बजे गड्ढे में डंप पटाखा अचानक ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट की वजह गड्ढे में उमस की गर्मी बताई जा रही है।

ढह गई दीवार

पटाखों का धमाका इतना शक्तिशाली था कि वारिश के कमरे की दीवार ढह गई। दीवार की ईट सिर व शरीर में लगने से वारिश की गर्भवती पत्नी खुशनुमा उर्फ हिना की मौत हो गई। हिना का मायका मिर्जापुर के अहरौरा गांव में है। ब्लास्ट की आवाज सुन मोहल्ले के लोगों की नींद उड़ गई। सभी भागकर मौके पर पहुंचे। इलियास के घर में कोहराम मच गया। पटाखों के ब्लास्ट की वजह से पड़ोसी शहाबुद्दीन के घर की दीवार में सुराख हो गया। इस सुराख से निकली ईट कमरे में सो रही उसकी पत्नी रेशमा के सिर में जा लगी। इससे उसका सिर फट गया। पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। इलियास के घर वाले पटाखे की बात छिपाने के लिए गड्ढे में पानी भर दिए। मौके पर पहुंची पुलिस घायल रेशमा को अस्पताल भेज दी। इसके बाद हिना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शहाबुद्दीन की तहरीर पर इलियास के खिलाफ अवैध रूप से पटाखा बनाने की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इलियास का पिता बनाता था पटाखा

इलियास का पिता हनीफ पटाखों को बनाने का काम किया करता था। हनीफ ने इसके लिए बाकायदा प्रशासन से लाइसेंस ले रखा था। बताते हैं कि हनीफ की मौत के बाद उसका बेटा इलियास भी पटाखा बना कर दीपावली पर बेचने का काम करने लगा। मगर इलियास ने इसके लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया था। अब सवाल उठता है कि बगैर लाइसेंस उसे बारूद कहां से मिलती थी। बीच कस्बे व घनी आबादी में बनाए जा रहे पटाखों की खबर थाना पुलिस को क्यों नहीं हो पाई थी।

बहुत पहले इलियास का पिता लाइसेंस लेकर पटाखा बनाया करता था। उसके बाद उसका बेटा इलियास भी यही काम करने लगा था। उसके पास लाइसेंस नहीं मिले हैं। पड़ोसी शहाबुद़्दीन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर इलियास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

-दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसपी यमुनापार