- महिला थाना स्थित आवास में सुबह बेहोश मिली महिला थाना प्रभारी

prayagar@inext.co.in

PRAYAGRAJ: सिविल लाइंस एरिया स्थित महिला थाना में मंगलवार की सुबह अचानक उस समय हड़कंप मच गया। जब थाना प्रभारी ममता पवार को चाय देने के लिए थाने में मौजूद कर्मचारी पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में कर्मचारी ने अंदर झांक कर देखा तो वह बेहोश पड़ी थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दरवाजा तोड़कर ममता पवार को बाहर निकाला और इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करा दिया। जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद डाक्टर्स ने उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया।

करीब 3 महीने पहले मिला था चार्ज

महिला थाना प्रभारी ममता पवार की खराब हुई तबियत के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि वह मूल रूप से मुज्जफरपुर की रहने वाली है। उनका स्वास्थ्य पहले से गड़बड़ चल रहा था। रोज की तरह ही सोमवार की रात भी महिला थाना में बने निवास में सोने के लिए चली गयी। मंगलवार सुबह जब वह सुबह साढ़े नौ बजे तक नहीं उठी, तो साथी कर्मचारी उन्हें उठाने और चाय देने के लिए पहुंची। तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद कर्मचारी ने एसी के पास से अंदर झांका तो हैरान रह गयी। ममता पवार अचेत होकर पड़ी थी। कर्मचारी के शोर मचाने पर थाने में मौजूद दूसरे सहयोगी भी पहुंच गए और आलाधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। आनन-फानन में ममता को इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। जहां इलाज के बाद डाक्टर्स ने उन्हें लखनऊ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। जिसके बाद एम्बुलेंस से उन्हें लखनऊ भेज दिया गया।

वर्जन

- पहले से उनका इलाज चल रहा था। अचानक सुबह तबीयत खराब होने की सूचना मिली। पहले कुछ जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली। हालांकि जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला। ब्रेन हैमरेज की बात सामने आयी है। लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

बृजेश श्रीवास्तव

एसपी सिटी