रांची : सिटी के जेल मोड़ बांधगाड़ी के पास शुक्रवार को हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद चार अपराधियों को पकड़ लिया गया। ये सभी सोनू इमरोज की हत्या का बदला लेने आए थे। निशाने पर हत्या का आरोपी शकील उर्फ कारा था, जो शुक्रवार को ही जेल से निकलने वाला था। ऐन वक्त पर पुलिस को इसकी भनक लग गई और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक सोनू इमरोज का भाई मोनू उर्फ आफताब आलम भी शामिल है।

नवंबर में हुई थी सोनू की हत्या

पकड़े जाने के बाद मोनू ने पुलिस के समक्ष यह बात स्वीकार कर लिया कि वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ शकील को मारने आया था। उसने पुलिस को बताया कि शकील ने ही नवंबर 2018 में उसके भाई की डेली मार्केट के पास हत्या कर दी थी। वह अपने भाई के कत्ल का बदला लेना चाहता था। हालांकि, वह इसमें कामयाब नहीं हो पाया।

लोगों ने की पिटाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि कारा की हत्या करने सोनू इमरोज का भाई अपने तीन अन्य सहयोगियों के साथ निकला है और बांधगाड़ी इलाके में सक्रिय है। चारों को पुलिस पकड़ती, इससे पहले ही स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान सभी की खूब पिटाई की गई। पिटाई से चारों घायल हो गए। इन्हें गिरफ्तारी के बाद इलाज के लिए रिम्स में भर्ती किया गया है। सभी अपराधी निजाम नगर, हिंदपीढ़ी के रहने वाले हैं।

ये हुए गिरफ्तार

1. आफताब आलम उर्फ मोनू इमरोज

2. फैसल नवाज

3. मो तबरेज

4. मो शाहिद अंसारी

ये सामान बरामद

1. देसी पिस्टल मैग्जीन सहित - 6

2. अतिरिक्त मैगजीन - 1

3. मोबाईल फोन - 4

4. मोटरसाइकिल - 2