-एक हफ्ते में महज छह हीनियस मामले हुए दर्ज

-तीन घंटे बैठ रहे रिमांड मजिस्ट्रेट, ज्यादातर को जमानत

GORAKHPUR: शहर में कोरोना के कारण क्राइम का रेट घट गया है। कोरोना के कहर से अपराधी भी कांप रहे हैं। जनता कफ्र्यू के बाद लागू हुए लॉकडाउन से महज बड़े मामलों में मुकदमा और कार्रवाई हुई। उनको अरेस्ट कर जेल भेजा गया। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को बांड कर जमानत मिल गई। रूटीन के मुकदमों से संबंधित सभी काम बंद हैं। विशेष मामलों में ही अभियुक्तों को जेल भेजा जा रहा है। लॉकडाउन के उल्लंघन में पुलिस अब तक 40 लोगों को अरेस्ट कर चुकी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि आम दिनों में कम से कम 10 मुकदमे रोज दर्ज किए जाते थे। इनमें सबसे ज्यादा एफआईआर कैंट थाना में होती थी।

मर्डर, लूट, चोरी और रेप में भ्ोजे गए जेल

कोरोना के कारण पुलिस सिर्फ गंभीर मामलों में गिरफ्तारी कर रही है। हत्या, रेप, अपहरण सहित अन्य गंभीर प्रकरणों में पुलिस ने कार्रवाई की है। हालांकि इस दौरान चोरी, लूट, छिनैती, छेड़छाड़ सहित कई अन्य सूचनाएं नहीं आई हैं। इसलिए पुलिस काफी राहत महसूस कर रही है। पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि गंभीर मामलों में कार्रवाई की जा रही है। लोगों के सड़क पर न निकलने से घटनाएं भी नहीं हो रहीं। लोग अपने घरों में रह रहे हैं। इसलिए चोरी के मामले भी थ्ाम गए हैं।

तीन घंटे बैठ रहे रिमांड मजिस्ट्रेट

कोरोना के कारण सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन जारी हुई। इसलिए कोर्ट-कचहरी बंद है। इसको देखते हुए सिर्फ रिमांड मजिस्ट्रेट कोर्ट में बैठ रहे हैं। सात साल से कम की सजा वाले मामलों में कानूनी कार्रवाई पूरी करके अभियुक्तों को जमानत दे दी जा रही है। हीनियस मामलों में ही न्यायिक हिरासत में लेकर अभियुक्तों को जेल भेजा जा रहा है। अन्य घटनाओं और सात साल से कम की सजा वाले मामलों में जमानत मिल जा रही है।

जनता कफ्र्यू और लॉक डाउन में हुई कार्रवाई

22 मार्च 2020: सहजनवां एरिया में मर्डर के आरोपित परमानंद साहनी, माड़र को पुलिस ने दबोचा।

22 मार्च 2020: गीडा एरिया में पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।

22 मार्च 2020: बांसगांव में रेप के आरोपित नरेम चौधरी, धुसुना को पुलिस ने अरेस्ट किया।

22 मार्च 2020: गुलरिहा एरिया में धोखाधड़ी और चोरी के आरोप में पुलिस ने अक्षय कुमार उर्फ गुड्डूु को अरेस्ट किया।

23 मार्च 2020: सहजनवां एरिया में मर्डर के आरोपित तीन अभियुक्तों को पुलिस ने अरेस्ट किया।

23 मार्च 2020: चौरीचौरा एरिया में चोरी के आरोपित तीन अन्य अभियुक्तों को पुलिस ने पकड़ा।

23 मार्च 2020: शांति भंग की आशंका में 06 मुकदमे दर्ज करके पुलिस ने कार्रवाई की।

24 मार्च 2020: गोरखनाथ एरिया में कोरोना वारयस से संबंधित फर्जी वीडियो वायरल करने के आरोप में पुलिस ने संतकबीर नगर जिले के मोहम्मद सेराज को अरेस्ट किया।

24 मार्च 2020: शाहपुर एरिया में चोरी के आरोप में पुलिस ने पांच अभियुक्तों को अरेस्ट किया।

25 मार्च 2020: बांसगांव एरिया में अपहरण, धमकी का आरोपित धर्मवीर यादव उर्फ बबड़ को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

25 मार्च 2020: लॉक डाउन की चेकिंग में 2473 वाहनों की जांच, 604 वाहनों का चालान, 04 व्हीकल सीज और धारा 188 के उल्लंघन में 17 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

25 मार्च 2020: शांति भंग की आशंका में 7 मुकदमे दर्ज करके 16 व्यक्तियों को अरेस्ट किया। अन्य सभी कार्रवाई सहित करीब 40 अभियुक्त पकड़े गए।

25 मार्च 2020: रामगढ़ताल एरिया में पुलिस ने झारखंड के रहने वाले विजय कुमार को पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ अरेस्ट किया।

26 मार्च 2020: जिले की पुलिस ने तीन वारंटियों को अरेस्ट किया। उनके खिलाफ पूर्व से विभिन्न मुकदमे दर्ज थे।

26 मार्च 2020: शांतिभंग की आशंका में तीन मुकदमे दर्ज करके पांच लोगों को अरेस्ट किया गया।

27 मार्च 2020: खजनी एरिया में अपहरण के आरोपित राहुल विश्वकर्मा को पुलिस ने अरेस्ट किया।

27 मार्च 2020: शांति भंग की आशंका में 15 मुकदमे दर्ज करके पुलिस ने कार्रवाई की।

वीडियो कांफ्रेंसिंग से भी बंद हुई पेशी

कोर्ट से जुड़े लोगों का कहना है कि अभियुक्तों की पेशी सहित अन्य कार्य बंद हैं। जेल से कोई बंदी पेशी पर नहीं आ रहा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होने वाली पेशी भी बंद कर दी गई है। जेल में सात साल से कम सजा वाले कैदियों को चिह्नित कर उनको पेरोल पर छोड़ने की तैयारी चल रही है।

वर्जन

कोरोना के कारण कोर्ट बंद चल रहे हैं। सिर्फ रिमांड मजिस्ट्रेट तीन घंटे के लिए बैठ रहे हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग से होने वाली पेशी भी बंद है। महामारी एक्ट में दर्ज मुकदमो में जिनको जमानत मिल रही है। उनमें विधिवत विवेचना पूरी की जाएगी। सात साल से कम के मामलों में जमानत बांड भराकर छोड़ दिया जा रहा है। मर्डर, रेप जैसे गंभीर मामलों में अभियुक्त जेल भेजे गए हैं।

बीडी मिश्रा, एसपीओ