गला कसने के साथ सिर पर किया गया था वार, तीन नामजद कई अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

फाफामऊ एरिया के मोरहू में हुई घटना, रात में पकड़ा गया था एक आरोपी के घर में

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: प्रयागराज में भी मंगलवार की सुबह मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया। फाफामऊ से लगे मोरहू में संजय यादव (35) की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। कातिलों ने उसका गला गमछे से कस दिया था। इस मामले में तीन लोगों को नामजद करते हुए कुछ अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। पुलिस ने नामजद तीनो लोगों को उठा लिया है। बताया जाता है कि मृतक सोमवार की रात एक आरोपित के घर में पकड़ा गया था। सुबह नाले के पास उसका क्षतविक्षत शव देख लोग दंग रह गये।

सागर के घर पकड़ा गया था संजय

मृतक संजय यादव पुत्र स्व। अर्जुन यादव डीसीएम चलाता था। करीब चार साल पहले उसकी पत्‍‌नी गुड्डी देवी की बीमारी से मौत हो गई थी। पत्‍‌नी की मौत के बाद संजय तीन बेटियों व एक बेटी की परवरिश में जुट गया। वह नशे का आदी था। सोमवार रात नौ बजे वह घर से निकला और लौट कर नहीं आया। रात काफी हो गई तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। मंगलवार सुबह उसकी बॉडी गांव के करीब नाले के पास मिली। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उसके शव को देख चीख पड़े। उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे इंस्पेक्टर सोरांव ने छानबीन शुरू कर दी। कत्ल के पीछे आशनाई के साथ पुरानी रंजिश को बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मानें तो रात में संजय गांव के ही सागर के घर में पकड़ा गया था। यहां लोगों ने मिलकर उसे जमकर पीटा, इससे उसकी मौत हो गयी।

आरोपित मंसू को दी थी धमकी

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ माह पूर्व संजय ने गांव के ही मंसू को नशे में धमकी दी थी। नशे में बोल गया था कि जैसे कुछ साल पहले तुम्हारे बाप को डुबो कर मारा था वैसे ही तुम्हें भी मार दूंगा। इस बीच मंसू व सागर का संजय से विवाद भी हुआ था। इस विवाद में मंसू व सागर के साथ राधे भी शामिल था। पुलिस जांच कर ही रही थी कि सागर हरिजन, मंसू व राधे हरिजन सहित कुछ अज्ञात के खिलाफ तहरीर मिल गयी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को उठा लिया है।

बाक्स

हत्या के पीछे का असली कारण

सूत्रों की मानें तो संजय पत्‍‌नी की मौत के बाद सागर के घर अक्सर आया जाया करता था। इससे आशनायी की चर्चा भी रही। उधर, मंसू को अपने पिता का हत्यारा भी संजय में नजर आने लगा। आशंका जतायी जा रही है कि संजय सोमवार रात सागर के घर पकड़ा गया तो खार खाए बैठे मंसू व गांव में तरह-तरह की चर्चाओं से परेशान सागर ने दोस्त राहुल के साथ मिलकर संजय को मौत के घाट उतार दिया।

नामजद किए गए आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जब तक पूरी तरह से पूछताछ नहीं कर ली जाती कुछ भी कहना संभव नहीं है। पता चहा है कि संजय आरोपित सागर हरिजन के घर पकड़ा गया था।

-अरुण कुमार चतुर्वेदी,

इंस्पेक्टर सोरांव