- बड़हलगंज के चार डॉक्टर्स को फोन कर बदमाशों ने की पैसों की डिमांड

- मऊ में हत्या करके फैला चुका है सनसनी

GORAKHPUR: गोरखपुर में एक बार फिर रंगदारी मांगने का धंधा फलने-फूलने लगा है। बीते कुछ साल से चुप पड़े बदमाश अपने ठिकानों से बाहर आने लगे हैं। फोन घनघनाने पर लोगों की रूह फना हो जा रही है। गुरुवार को एक बार यह जिन्न बाहर आया। इस बार इनका टारगेट थे दुनिया के 'भगवान', जिनसे बदमाशों ने जांच बचाने के एवज में लाखों रुपए की डिमांड की है। डरे-सहमे डॉक्टर्स ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही उनकी तलाश शुरू कर दी है।

20-20 लाख की डिमांड

यूपी पुलिस के लिए सिरदर्द बने दो लाख के इनामी बदमाश ने बड़हलगंज कस्बे के चार डॉक्टर्स से रंगदारी मांगी है। बांसगांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉक्टर संजय कुमार सहित अन्य डॉक्टर्स को शातिरों ने रंगदारी न देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। सरकारी डॉक्टर से बदमाश ने 10 लाख अन्य को 20-20 लाख रुपए डिमांड की है। डॉक्टर्स की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने उनके घर, नर्सिग होम की सुरक्षा बढ़ी दी है। हालांकि पुलिस ने दावा किया कि आरोपी बदमाश प्रदेश से बाहर है।

10 मई की सुबह किया फोन

बड़हलगंज कस्बा निवासी डॉक्टर संजय कुमार हॉस्पिटल चलाते हैं। 10 मई की सुबह करीब पौने 11 बजे उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से कॉल आई। फोन उठाने पर दूसरी ओर से बात करने वाले ने खुद को धर्मेद्र सिंह बताते हुए 20 लाख देने को कहा। बदमाश ने बताया कि वह आजमगढ़ में मौजूद है। रुपए न देने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर जानमाल का नुकसान होगा। धमकी से परेशान डॉक्टर ने पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। धर्मेद्र सिंह के खिलाफ रंगदारी मांगने, धमकी देने का केस दर्ज करके पुलिस ने उनके आवास, नर्सिग होम की सुरक्षा बढ़ा दी। मेडिकल प्रैक्टिस के साथ-साथ डॉ। संजय राजनीति में भी सक्रिय है। वर्ष 2014 में वह लोकसभा बांसगांव से कांग्रेस के प्रत्याशी भी थे।

सरकारी डॉक्टर को दी रियायत

शातिर बदमाश ने डॉक्टर संजय के साथ-साथ कस्बे के तीन अन्य डॉक्टर्स को धमकी दी है। पीस पार्टी से जुड़े डॉ। शमीम आब्दी, भाजपा से जुड़े डॉ। एसएन सिंह और सरकारी डॉक्टर शिवमुनि गोंड को भी रंगदारी के लिए धमकी दी है। संजय सहित अन्य डॉक्टर्स से बदमाश ने 20-20 लाख रुपए देने को कहा है। जबकि शिवमुनि गोंड को 10 लाख रुपए पहुंचाने को कहा। चारों डॉक्टर्स को एक ही मोबाइल नंबर से कॉल किया गया था। मऊ जिले के घोषी निवासी एसएन सिंह ने घोषी में मुकदमा दर्ज कराया है। अन्य तीन डॉक्टर्स की तहरीर पर बड़हलगंज में एफआईआर दर्ज करके क्राइम ब्रांच जांच में जुटी है।

हत्या के मामलों में वांछित है धर्मेद्र

जिले में चाचा-भतीजा मर्डर और शराब कारोबारी के बेटे की हत्या में फरार चल रहे धर्मेद्र सिंह पर 50 हजार का इनाम घोषित किया। बाद में मऊ जिले की रिपोर्ट पर डीजीपी मुख्यालय ने उसके खिलाफ दो लाख का इनाम जारी हुआ। आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी सहित कई जिलों में एक्टिव धर्मेद्र सिंह ने वर्ष 2015 में जिले के भीतर वारदातें की थी। बड़हलगंज कस्बे में सराफ की दुकान को लूटने पहुंचने धर्मेद्र सिंह ने गैंग ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान बाइक लूटने के लिए चाचा-भतीजे की हत्या कर दी। इसके अलावा खोराबार एरिया के तारामंडल में शराब कारोबारी के बेटे दारा जायसवाल को ब्रस्ट फायरिंग में भून डाला। इन वारदातों में गोरखपुर पुलिस को धर्मेद्र ंिसह की तलाश है।

गैंगवार में मारे गए साथी

शातिर धर्मेद्र सिंह के साथी गैंगवार में मारे जा चुके हैं। बनारस के सिगरा में साथियों संग छिपे धर्मेद्र का खास सहयोगी आशीष चौबे की हत्या हो चुकी है। कुछ अन्य साथियों को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया। बावजूद इसके धर्मेद्र सिंह की चाल सुस्त नहीं पड़ी। जरायम की दुनिया में रोजाना नए साथी जोड़कर वह अपना गैंग बढ़ाता चला गया। आधुनिक असलहे एके-47 से लैस धर्मेद्र सिंह ने 21 मार्च को मऊ, घोषी में रंगदारी न देने पर व्यापारी की हत्या कर दी थी। हाल ही में एक अन्य व्यापारी के मर्डर में धर्मेद्र सिंह का नाम सामने आया था।