- सीटीईटी छूटने पर अचानक सड़कों पर आ गए लोग

- शहर के हर चौराहे, गली में घंटों लोगों ने झेला जाम

GORAKHPUR: शहर में रविवार को सीटीईटी में उमड़ी भीड़ ने ट्रैफिक पुलिस की तैयारियों पर पानी फेर दिया। एग्जाम छूटने के बाद जब अभ्यर्थी घर को रवाना हुए तो अचानक भीड़ बढ़ गई। पब्लिक और कैडिडेंट्स की एक लाख की भीड़ को संभालने में पुलिस के पसीने छूट गए। जल्दी निकलने के चक्कर में लोगों ने रूट मैनेजमेंट ध्वस्त कर दिया। इस वजह से ज्यादातर लोग जाम का शिकार हुए। हालांकि भीड़ को देखते हुए एक दिन पहले ही रूट डायवर्जन कर दिया गया था।

अचानक उमड़ी भीड़, फंस गए लोग

रविवार को शहर के 106 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में 99142 अभ्यर्थी एग्जाम देने पहुंचे थे। सुबह की शिफ्ट में एग्जाम होने के बाद लोगों को थोड़ी राहत रही। जबकि, दोपहर की पाली में साढ़े चार बजे जब एग्जाम छूटा तो अचानक कैडिडेंट्स की भीड़ जमा हो गई। शाम ढलने की वजह से लोग घर भागने के चक्कर में पड़ गए। एक चौराहे पर जाम देखकर लोगों ने रास्ता बदल दिया। आगे जाकर पता लगा कि वहां भी जाम लगा हुआ है। चौराहे से छूटे तो गलियों में जाकर फंस गए। इस चक्कर में पांच से बजे से लेकर शाम सात बजे तक कैडिडेंट्स भटकते रहे। उधर रविवार की छुट्टी होने पर शहर के लोग मार्केट में निकले तो वह भ्ाी फंस गए।

भीड़ संभालने के लिए नहीं इंतजाम

शहर में एक साथ 50 हजार से अधिक लोगों के सड़क पर आ जाने से सारी व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है। रविवार को छुट्टी होने के बावजूद कैडिडेंट्स की भीड़ से शहर हांफता रहा। ट्रैफिक मैनेजमेंट की सारी तैयारियां धरी की धरी रह गई। जाम छुड़ाने के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी हांफते रहे। इंस्पेक्टर से लेकर होमगार्ड तक सभी चौराहे पर नजर आए। कुछ जगहों पर जल्दबाजी में आगे निकलने के चक्कर में लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था बिगाड़ दी।