सूची में चहेतों के नाम शामिल, आवंटन की तैयारी

फीरोजाबाद: नगर निगम अधिकारी व कर्मचारियों को सीयूजी सिमें आवंटित करने जा रहा है। तैयार की गई सूची में कई अधिकारियों के चहेते शामिल हो गए हैं। इनके नाम से सीयूजी सिमें जारी हो गई हैं। पहले चरण में 22 लोगों को ही सिमें जारी हुई हैं।

नगर निगम में अधिकारियों और कर्मचारियों को सीयूजी सिमें आवंटित होने के आदेश जारी हुए हैं। इसी के तहत सिमें प्राप्त हो गई हैं। प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी को 500 रुपये तक की कॉल का खर्चा नगर निगम द्वारा वहन किया जाएगा। यह जानकारी होने के साथ ही कई कर्मचारी भी सिमों के आवंटन की गणेश परिक्रमा शुरू हो गई थी। कई दिनों से यह प्रयास चल रहा था, जिसमें सफलता भी मिल गई है। करीब 35 अधिकारी व कर्मचारियों की सूची तैयार की गई है, जिन्हें सिमें आवंटित की जानी हैं। संबंधित कंपनी द्वारा पदनाम व नाम से सिमें जारी करते हुए नगर निगम को सौंप दी हैं। सोमवार को 22 अधिकारी व कर्मचारियों को सिम का आवंटन हो गया है। एक-दो दिनों में अन्य को भी सिमें जारी कर दी जाएंगी।

सिम आवंटन में भी मनमानी बरती जा रही है। उन कर्मचारियों के नाम शामिल कर दिए गए हैं, जिन्हें आवंटन का कोई अर्थ नहीं है। ये वे कर्मचारी हैं जो अधिकारियों के खास बताए जा रहे हैं। इस संबंध में उपायुक्त प्रमोद कुमार का कहना है सिम अधिकारियों के अलावा फील्ड वाले कर्मचारियों को ही जारी की जाएंगी।