-नवरात्र के आखिरी दिन मंदिरों से लेकर घरों तक विधि-विधान से हुआ आयोजन

-पूजन के बाद प्रसाद और दक्षिण देकर मांगा आशीर्वाद

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोमवार को घरों से लेकर मंदिरों और मठों में कन्या पूजन किया गया। लोगों ने पूरे विधि-विधान के साथ देवी स्वरूप कन्याओं का पूजन किया और आशीर्वाद लिया। सुबह से ही घरों में कन्या पूजन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। कन्याओं के पैरो में आलता लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें टीका लगाकर उनकी आरती उतारी गई और प्रसाद दिया गया। इसके बाद कन्याओं को दक्षिणा देकर आशीर्वाद लेते हुए सौभाग्य की कामना की गई।

मंदिरों में भी हुआ कन्या पूजन

सिटी के प्राचीन मंदिरों में भी कन्या पूजन किया गया। इस मौके पर मीरापुर स्थित मां ललिता देवी मंदिर, मां कल्याणी देवी मंदिर के साथ ही खेमा माई मंदिर और मां अलोपशंकरी देवी मंदिर में भी कन्या पूजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में भक्तों ने देवी दर्शन के साथ ही कन्या पूजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मां से घर में सुख शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं दोपहर बाद दशमी लगने के कारण लोगों ने पारण करना भी शुरू कर दिया। इसके पहले लोगों ने नवरात्र की नवमी के अवसर पर घरों में विशेष रूप से हवन और अनुष्ठान किया। दुर्गा पूजा पंडालों में भी कन्या पूजन का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। देर शाम तक हवन और पूर्णाहुति का सिलसिला चलता रहा।