आगरा। ताज महोत्सव के अवसर पर सदर बाजार में अर्थ एंड वाइस फेस्टिवल ऑफ आर्ट कल्चर ब्रज मंडल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ब्रज की लुप्त हो रहीं कलाओं को जीवंत करने का प्रयास किया गया है। क्वीन लाइबे्ररी सदर बाजार में तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन अशोक फाउंडेशन आर्ट एंड कल्चर द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में वृंदावन से आए कलाकार ब्रज गोपाल ने पेंटिंग के माध्यम से ब्रज की प्राचीन कलाओं को दर्शाने का प्रयास किया। इसी तरह मथुरा से आए संत गोस्वामी, ब्रज गोपाल, मिताई ने भी पेंटिंग और नृत्य से सभी का मन मोह लिया।

मंडलायुक्त ने किया कला का अवलोकन

कमिश्नर प्रदीप भटनागर ने फेस्टिवल ऑफ आर्ट कल्चर ब्रज मंडल कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कलाकारों द्वारा बनाई गई, पिचवाई पेंटिंग्स का अवलोकन किया। उन्होंने कलाकारों की प्रतिभा को उभारने के लिए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

लुप्त हो रही ब्रज की कला

फेस्टिवल ऑफ अर्थ एंड कल्चर ब्रज मंडल की पदाधिकारी संगीता भटनागर ने बताया कि वर्तमान में ब्रज की कलाएं लुप्त होने की कगार पर हैं। संस्था का मुख्य उद्देश्य ब्रज की कला को संजोये रखने और आने वाली पीढ़ी को उसकी जानकारी देने है।

आज मिलेगा पुरस्कार

मथुरा और वृंदावन से अपनी कला का प्रदर्शन करने आए कलाकारों को सोमवार को पुरस्कृत किया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि कलाकारों का प्रोत्साहन आवश्यक है, इससे उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति मिलती है। इस मौके पर अशोक फांउडेशन ऑफ आर्ट कल्चर की पदाधिकारी रंजना बंसल, अभिषेक गोस्वामी और संगीता भटनागर उपस्थित रहीं।

नूरजहां मंच पर मचा धमाल

ताज महोत्सव में रविवार को नूरजहां मंच पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने फिल्मी गीतों पर डांस कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान हॉल में मौजूद लोगों ने कलाकारों द्वारा किए गए नृत्य की सराहना की। अधिकतर बॉलीवुड की तर्ज पर कलाकारों ने सिने स्टारों की मिमिक्री भी की।