RANCHI: महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने आर्मी जवान के क्रेडिट कार्ड से 25 हजार की ठगी मामले में रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चूना भट्ठा कुम्हार टोली निवासी विवेक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। वह कई माह से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को उसके घर से पकड़ा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने साइबर थाने की पुलिस को बताया है कि कई अन्य लोग इस मामले में संलिप्त हैं। पुलिस विवेक की निशानदेही पर दूसरे जिलों में भी छापेमारी कर रही है। महाराष्ट्र साइबर थाना की पुलिस विवेक को अपने साथ लेकर चली गई है।

बोकारो में भी छापेमारी

महाराष्ट्र साइबर थाना की पुलिस ने बताया कि कई मामलों में संलिप्त साइबर अपराधी झारखंड के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों का लोकेशन निकाल कर एक साथ छापेमारी की जा रही है। वरीय अधिकारी के निर्देश पर गठित दो टीम झारखंड के अलग-अलग जगहों में छापेमारी कर रही है। रांची में छापेमारी से पूर्व साइबर थाना की टीम ने बोकारो में छापेमारी की थी। हालांकि, वहां कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।