कानपुर। चक्रवाती तूफान बुलबुल अब गति पकड़ चुका है। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक इस समय यह बंगाल की खाड़ी से सटे पश्चिमोत्तर इलाकों में बना है। इस दाैरान 110-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं की गति 135 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। वहीं आज बुलबुल साइक्लोन की वजह से ओडिशा के उत्तरी तटीय जिलों में और पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इसके अलावा बालासोर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और भद्रक जिलों पर भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।

माैसम : साइक्लोन बुलबुल बरपा सकता है कहर,ओडिशा समेत इन राज्यों में तेज हवाओं व भारी बारिश का अलर्ट

100-120 किमी प्रति घंटे की गति से चलेंगी हवाएं

वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार आज चक्रवात बुलबुल के चलते उत्तरी तटीय ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में मूसलाधार बारिश की आशंका है। उत्तरी तटीय ओडिशा, दक्षिण तटीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर 100-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। झारखंड के कई हिस्सों और बिहार के दक्षिणी भागों में मध्यम बारिश की आशंका है। वहीं बुलबुल के पूर्वोत्तर की ओर बढ़ने से मेघालय, त्रिपुरा, दक्षिण असम, मिजोरम, और मणिपुर में मध्यम बारिश संग 40-50 किमी प्रति घंटे की गति हवाएं चल सकती है। पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में हल्की बारिश होगी।

माैसम : साइक्लोन बुलबुल बरपा सकता है कहर,ओडिशा समेत इन राज्यों में तेज हवाओं व भारी बारिश का अलर्ट

कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होने के हैं आसार

उत्तर भारत की बात करें तो जम्मू कश्मीर के पास एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है। यह सिस्टम इस समय उत्तरी पाकिस्तान से आगे आ चुका है। हालांकि आज जम्मू और कश्मीर में अब बारिश की गतिविधियां धीमी रहेंगी लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत में मौसम शुष्क रहेगा। इन इलाकों में हवाओं की गति तेज रहेगी। वहीं तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक और केरल के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और रायलसीमा और आसपास के क्षेत्रों में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

National News inextlive from India News Desk