नई दिल्ली (एएनआई)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर 20-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता वाली बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने ट्वीट कर बताया कि, पूरी दिल्ली, पलवल, होडल, मानेसर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, तिजारा, (हरियाणा), बुलंदशहर, गुलोठी, सियाना, जट्टारी, खुर्जा, के कई स्थानों पर 20-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होगी। इसके अलावा अतरौली, अलीगढ़, सादाबाद, खैर, नोएडा, जीआर नोएडा, गाजियाबाद, पिलखुआ, हापुड़, (उत्तर प्रदेश) और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो घंटो में मौसम खराब हो सकता है।

आंधी और बारिश की चेतावनी
इससे पहले सुबह आईएमडी ने अगले दो घंटों में हरियाणा, राजस्थान और इसके आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश की भी भविष्यवाणी की थी। अगले 2 घंटों के दौरान विराटनगर, कोटपुतली, अलवर, झुंजुनू, पिलानी, राजघर, लक्ष्मणगढ़, बयाना (राजस्थान), नारनौल, तिजारा, महेंद्रगढ़ (हरियाणा) और आसपास के इलाकों में 20-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी।

चक्रवाती तूफान का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो इस समय लक्षद्वीप क्षेत्र और आस-पड़ोस के ऊपर डिप्रेशन बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके तेज होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 18 मई की तड़के दक्षिण गुजरात तट पर पहुंचने की संभावना है। परिणामस्वरूप, अरब सागर के ऊपर भूमध्यरेखीय दक्षिण पश्चिमी हवाएं अस्थायी रूप से मजबूत हो गई हैं। क्रॉस-इक्वेटोरियल प्रवाह 20 मई से बंगाल की खाड़ी के ऊपर मजबूत और गहरा होने की संभावना है और 21 मई से दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में निरंतर वर्षा की गतिविधि की संभावना है। इसलिए अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर मानसून के आगे बढ़ने की संभावना 21 मई, 2021 के आसपास है।

मानसून से नहीं कोई संबंध
हालांकि, पिछले आंकड़ों से पता चलता है कि अंडमान सागर के ऊपर मानसून के आगे बढ़ने की तारीख का केरल में मानसून की शुरुआत की तारीख या देश में मौसमी मानसून की बारिश के साथ कोई संबंध नहीं है।

National News inextlive from India News Desk