मुंबई (एएनआई)। चक्रवात तौकते के प्रभाव में मुंबई से 35 समुद्री मील दूर अरब सागर में डूबे बार्ज P305 को लेकर गुरुवार को भारतीय नौसेना ने कहा कि अब तक 188 लोगों को बचाया गया है। इसके अलावा 37 शव बरामद किए गए हैं। वहीं अन्य लापता लोगाें की तलाश हो रही है। अधिकारियों ने कहा कि P305 पर मौजूद 273 लाेग माैजूद थे।नौसेना ने एक बयान में कहा कि तटरक्षक बल की एक इकाई अरब सागर में खोज एवं बचाव अभियान में शामिल हो गई है। यहां पर खराब माैसम के बावजूद लगातार चाैथे दिन राहत व बचाव कार्य जारी है। शवों और बचाए गए लोगों को उतारने के लिए आईएनएस कोलकाता मुंबई पहुंच चुका है। आईएनएस कोच्चि एसएआर प्रयासों में फिर से शामिल हो गया है। भारतीय नौसेना के जहाज और विमान लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।


दो और व्यक्तियों को भी बचाया गया
नौसेना ने टगबोट, वरप्रदा से दो और व्यक्तियों को भी बचाया जो चक्रवाती तूफान ताैकते के कारण अरब सागर में बह गए थे। नौसेना के जवानों ने बुधवार को कहा कि दो अन्य नावों और एक ऑयल रिग पर सवार लोग भी सुरक्षित हैं। चक्रवाती तूफान तौकते के पश्चिमी तट से आगे बढ़ने के साथ ही बंबई हाई इलाके में स्थित हीरा तेल क्षेत्र में बार्ज P305 बहने लगा। इसे बचाने के लिए भारतीय नाैसेना ने काफी प्रयास किए।
इन पोतों पर सवार लोग हैं सुरक्षित
इस बीच इंडियन कोस्ट गॉर्ड ने बुधवार को बताया कि तारापुर के पास एमवी डेनाली के सभी चालक दल सुरक्षित हैं। दीव के दक्षिण में 19 समुद्री मील की दूरी पर गए एक अन्य पोत एमवी समरपन का चालक दल भी सुरक्षित है। इन दोनों जहाजों की निगरानी मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर मुंबई (MRCC) द्वारा की जा रही है। बुधवार को चक्रवात की तीव्रता कमजोर रही लेकिन दिन के अधिकांश समय बारिश जारी रही।

National News inextlive from India News Desk