कुछ क्षेत्रों में सुबह तो कुछ में दोपहर में आया पानी

पांच से दस मिनट तक गंदे पानी की हुई आपूर्ति

आगरा। मदिया कटरा तिराहा की 750 एमएम की पाइप लाइन की मरम्मत सोमवार सुबह पूरी हो गई। चार लाख रुपये से टी प्वाइंट और बैंड बदला गया है। पहले जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स और फिर सिकंदरा के दोनों वाटरव‌र्क्स को चालू किया गया। जलापूर्ति होने से लोगों ने राहत की सांस ली।

मदिया कटरा तिराहा से होकर 65 साल पुरानी पाइप लाइन गुजरी है। 15 साल से लाइन में हर माह लीकेज हो जाते थे। जल संस्थान की टीम ने 13 से 15 दिसंबर के बीच लाइन की मरम्मत की। यह कार्य पूरा हो गया। फिर लाइन की चेकिंग की गई। सोमवार तड़के जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स को चालू किया गया। सबसे पहले 45 और फिर 90 एमएलडी के प्लांट चलाए गए। जलाशय भरने के बाद पुराने शहर में सुबह सात बजे से जलापूर्ति शुरू हुई। पांच से दस मिनट तक गंदा पानी आया। सुबह नौ बजे सिकंदरा के दोनों वाटरव‌र्क्स चालू किए गए। जलापूर्ति सुबह 11 बजे से शुरू हुई। जो कि शाम तक जारी रही।

लीकेज ठीक होने से यह फायदा

मदिया कटरा तिराहा पर लीकेज की मरम्मत ठीक होने से शहर के कई क्षेत्रों को फायदा मिलेगा। इसमें प्रमुख रूप से विजय नगर कॉलोनी, घटिया आजम खां, बाग मुजफ्फरखां, बाग फरजाना, दिल्ली गेट, ट्रांस यमुना, कमलानगर सहित अन्य शामिल हैं। लीकेज के चलते संबंधित क्षेत्रों में आए दिन पानी का प्रेशर कमजोर रहता था। अब यह समस्या नहीं आएगी। जलापूर्ति की समयावधि भी बढ़ जाएगी।