पीडि़त महिला को गुस्से में दरोगा ने दी धमकी

गुलरिहा एरिया के भटहट बाजार कस्बे की घटना

GORAKHPUR: भटहट कस्बे में महिला और उसके पति को पीटने वाले आरोपियों की आवभगत में पुलिस ने महिला फरियादी के साथ बदसलूकी की। इंसाफ की गुहार लगाने पुलिस चौकी पर पहुंची महिला पर समझौते का दबाव बनाने के लिए दरोगा ने खूब धमकाया। न्याय न मिलने पर महिला ने गोरखनाथ मंदिर में जाकर शिकायत करने को कहा तो दरोगा बिफर गए। गुस्साए दरोगा ने मंदिर में जाकर शिकायत करने पर महिला की खाल खिंचवाने की धमकी तक दे डाली। देर शाम पुलिस दोनों पक्षों को चौकी पर बैठाकर समझौते का दबाव बनाती रही। पीडि़त दंपति को अंजाम भुगतने की धमकी मिलती रही।

सिलाई की बात पर महिला से कहासुनी

सहजनवां के भड़सार गांव के रघुनाथ भटहट कस्बे में किराए के मकान में रहकर प्राइवेट जॉब करते हैं। खर्च चलाने के लिए उनकी पत्‍‌नी गुडि़या सिलाई-बुनाई करती है। कस्बे के एक परिवार की महिलाओं ने गुडि़या को कपड़े सिलने के लिए दिया था। सोमवार को कपड़ों की सिलाई की बात को लेकर उनकी गुडि़या से कहासुनी हो गई। आरोप है कि महिलाओं के पक्ष में आए उनके घर वालों ने गुडि़या को पीट दिया। मामले की जानकारी पाकर उसका पति बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसे भी पीटा गया।

सुलह के लिए दरोगा ने दी धमकी

पति की पिटाई से आहत महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस रिस्पांस व्हीकल में तैनात पुलिस कर्मचारी पहुंचे। दंपति और आरोपी पक्ष को लेकर भटहट चौकी पर पहुंचे। महिला की तहरीर पर कार्रवाई के बजाय दरोगा ने धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों की खातिरदारी में लगे दरोगा ने महिला पर सुलह का दबाव बनाया। उसके पति को जेल भेजने की धमकी दी जाने लगी। महिला ने इसका विरोध जताते हुए कार्रवाई को कहा कि दरोगा भड़क गए। कई लोगों की मौजूदगी में महिला से कह दिया कि ज्यादा बोलने पर महिला कांस्टेबल बुलाकर चमड़ी उधेड़वा लेंगे। दरोगा की बात सुनकर महिला रोने लगी। मामला बिगड़ने के डर से दरोगा आरोपियों के घर पहुंचे। एक आरोपी की मां से तहरीर लिखवाकर ले ली। इसके दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला बताकर क्रास एफआईआर दर्ज कराने की बात करने लगे। देर शाम तक पीडि़त पक्ष को चौकी पर बैठाकर सुलह का दबाव बनाते रहे।

वर्जन

इस प्रकरण की मुझे जानकारी नहीं है। चौकी इंचार्ज से बात की जाएगी। महिला के मामले की जानकारी करके कार्रवाई करेंगे।

बीबी सिंह, इंस्पेक्टर, गुलरिहा