नगर निगम में पॉलीथिन जमा करने की डीएम ने दी थी मोहलत

दो दिन में ही निकल गई प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान की हवा

ALLAHABAD: प्रतिबंधित पॉलीथिन को नगर निगम में जमा करने के लिए व्यापारियों को दी गई मोहलत मंगलवार को समाप्त हो गई। बावजूद इसके कोई भी व्यापारी पॉलीथिन जमा करने के लिए नगर निगम में नहीं पहुंचा। पंद्रह जुलाई से पॉलीथिन पर लगाए गए प्रतिबंध के बाद सोमवार को डीएम ने व्यापार मंडलों के साथ मीटिंग की थी। मीटिंग में उन्होंने व्यापारियों को पालीथिन नगर निगम में जमा करने के लिए 17 जुलाई तक मौका दिया था। पॉलीथिन के खिलाफ शुरुआत के दो दिनों तक चले अभियान की भी हवा निकल गई।

मंगलवार तक ही था मौका

व्यापार मंडलों के साथ हुई मीटिंग में डीएम ने कहा था कि प्रतिबंधित पॉलीथिन नगर निगम में जमा करने के लिए मौका दिया जाना चाहिए। स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मंगलवार तक पॉलीथिन जमा करने पर व्यापारियों पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाए। इसके बाद प्रतिबंधित पॉलीथिन किसी के प्रतिष्ठान या गोदाम में पाई गई तो कार्रवाई के साथ जुर्माना भी वसूल किया जाएगा।

नहीं खोला गया कोई काउण्टर

जिलाधिकारी ने 17 जुलाई तक प्रतिबंधित पॉलीथिन नगर निगम में जमा कराने का आदेश तो कर दिया, पर नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने इसकी कोई व्यवस्था नहीं की। नगर निगम में प्रतिबंधित पॉलीथिन जमा करने के लिए कोई काउंटर नहीं खोला गया और न ही अलग से कोई व्यवस्था हुई। प्रतिबंधित पालीथिन जमा करने के लिए व्यापारियों के न पहुंचने की एक बड़ी वजह यह भी बताई गई।

दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की पड़ताल

दैनिक जागरण आईनेक्स्ट रिपोर्टर मंगलवार को नगर निगम परिसर में पहुंचा। वहां पॉलीथिन जमा करने के काउंटर के बारे में पूछताछ शुरू की। काउंटर के बारे में सवाल करते ही सभी की घिग्घी बंध गई। पर्यावरण विभाग में तैनात कर्मचारी ललित श्रीवास्तव ने बताया कि पर्यावरण विभाग में पॉलीथिन जमा किए जा सकते हैं। लेकिन अभी कोई विशेष व्यवस्था नहीं है और न ही कोई व्यापारी प्रतिबंधित पॉलीथिन जमा कराने पहुंचा है।