मुंबई (मिड-डे)। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) ने बुधवार रात दाऊद इब्राहिम के छोटे भाई इकबाल कासकर के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। इकबाल कासकर का बेटा रिजवान फिलहाल पुलिस के हिरासत में है। मिड-डे ने पहले अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि एईसी ने फेमिम मचमच के करीबी सहयोगी अहमद रजा वाडारिया को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दुबई से मुंबई आने के बाद गिरफ्तार किया है, जो कई मामलों में आरोपी होने के साथ वांटेड था। रिजवान को मुंबई हवाई अड्डे पर तब गिरफ्तार किया गया जब वह देश छोड़ने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि रिजवान को फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ पुलिस का यह भी कहना है कि अहमद रजा और रिजवान के बीच गहरा संबंध है।

दाऊद के साथी इकबाल मिर्ची का भोपाल में दस करोड का बंगला

रजा गुजरात से संभालता था हवाला का कारोबार

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रजा, शकील और फहीम मचमच का बहुत करीबी था और वह कथित तौर पर मुंबई, ठाणे और सूरत में अपने हवाला कारोबार को गुजरात से संभालता था। पुलिस ने बताया कि 12 जून, 2019 को पीड़ित को एक इंटरनेशनल नंबर से फोन आया था, जिसमें सामने वाले ने खुद को मचमच बताया था और कहा था कि वह छोटा शकील की तरफ से फोन कर रहा है। फोन पर उसने कहा कि अशफाक को जो पैसा देना है उसे अहमद को दे दिया जाए। पीड़ित ने मुंबई क्राइम ब्रांच को इस बात की शिकायत की। हालांकि, इसके बाद भी पीड़ित को लगातार फिरौती के लिए फोन पर धमकी मिलती रही। इसी मामले में रिजवान की भूमिका भी सामने आई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

National News inextlive from India News Desk