नई दिल्ली (एएनआई)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रिपरिषद में शामिल सभी नए सदस्य गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात करेंगे। नए मंत्रियों में शामिल अनुराग ठाकुर का कहना है कि आज की बैठक काफी खास है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है और जो विश्वास व्यक्त किया है उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा। मई 2019 में प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में लौटने के बाद पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल के फेरबदल और विस्तार में बुधवार को 43 नेताओं ने शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह, जो कोविड-19 प्रोटोकॉल के बीच राष्ट्रपति भवन में हुआ। यह फेरबदल संसद के मानसून सत्र से कुछ दिन पहले हुआ है।
मंत्रिमंडल में शामिल हुए ये लोग
केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल कुछ प्रमुख हस्तियों में ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेंद्र यादव, सर्बानंद सोनोवाल और पशुपति कुमार पारस शामिल हैं।विस्तारित मंत्रिपरिषद में सात महिला सांसदों ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। इनमें अनुप्रिया पटेल, शोभा करंदलाजे, दर्शन विक्रम जरदोश, मीनाक्षी लेखी, अन्नपूर्णा देवी, प्रतिमा भौमिक और भारती प्रवीण पवार शामिल हैं। इस बीच, सात राज्य मंत्रियों (MoS) को केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों के रूप में पदोन्नत किया गया है। इनमें जी किशन रेड्डी, किरेन रिजिजू, अनुराग सिंह ठाकुर, हरदीप सिंह पुरी, राज कुमार सिंह, पुरुषोत्तम रूपाला और मनसुख मंडाविया शामिल हैं। बता दें कल पूरे दिन मंत्रियों का इस्तीफा हुआ है। कैबिनेट के डॉ. हर्षवर्द्धन, रमेश पोखरियाल और जे एस गंगवार सहित 10 से अधिक मंत्रियों ने इस्तीफा दिया था।

National News inextlive from India News Desk