RANCHI: डीसी राय महिमापत रे ने रांची में लगातार जलापूर्ति बाधित होने पर नाराजगी जताई है और पदाधिकारियों को व्यवस्था में सुधार लाने की हिदायत दी है। उन्होंने पेयजल विभाग के इंजीनियरों को हर हाल में जलापूर्ति बाधित नहीं होने देने का निर्देश दिया है। जलापूर्ति की 36 घंटे की जो समय तालिका निर्धारित की गई है। उसका हर हाल में पालन हो। वह बुधवार को पेयजल प्रमंडल के इंजीनियरों और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक में अपर समाहर्ता अंजनी कुमार मिश्र, पेयजल विभाग के इंजीनियर और नगर निगम के पदाधिकारी उपस्थित थे।

मिलकर काम करें विभाग

डीसी ने कहा कि जलापूर्ति के लिए जो व्यवस्था बनी थी, उसका पालन नहीं हो रहा है। समन्वय की कमी है। सभी को समन्वय के साथ काम करना होगा। डीसीे ने कहा कि गरमी में यदि लोगों को पानी नहीं मिलेगा, तो आक्रोश होना स्वाभाविक है। जलापूर्ति को पहली प्राथमिकता देने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लंबे समय तक जलापूर्ति बाधित होने की आशंका हो तो विभाग और नगर निगम जिला प्रशासन को इसकी सूचना दे, हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना होगा।

आंधी-बारिश से हुई परेशानी

पेयजल विभाग के इंजीनियरों ने बताया कि पिछले दो- तीन दिनों में आंधी, तूफान के कारण बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। इस कारण ही जलापूर्ति बाधित रही है, उन्होंने आश्वासन दिया कि 31 मई से जलापूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।