औद्योगिक थाना क्षेत्र के अरैल रोड पर मिली डेड बॉडी, शिनाख्त नहीं

बदन पर चोट के कई निशान, पुलिस ने मामले में शुरू की जांच

PRAYAGRAJ: नैनी के औद्योगिक थाना एरिया स्थित अरैल रोड पर गुरुवार सुबह युवक का शव मिला। उसके बदन पर चोट के कई निशान थे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसकी पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

रोड किनारे पड़ा था शव

सुबह करीब नौ बजे कुछ लोग अरैल रोड की तरफ गए थे। उन्होंने देखा कि रोड किनारे एक युवक का शव पड़ा है। उसकी अनुमानित उम्र करीब 28 साल है। कपड़े फटे हुए थे। काफी खून भी बहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेब की तलाशी ली तो कुछ नहीं मिला। पहचान की कोशिश की गई। काफी प्रयास के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बदन में चोट के निशान थे। चोट एक्सीडेंट की वजह से आई या किसी और कारण से इसकी जांच की जा रही है।

इफ्तेखार अहमद, एसओ, थाना औद्योगिक क्षेत्र