-पनघैली नदी के पास कूड़े के ढेर में मिला शव, गले में लगा था रस्सी का फंदा

-आस-पास के लोगों से शव की कराई शिनाख्त, पुलिस के हाथ नहीं लगा कोई सुराग

बरेली: नवाबगंज में मंडे को कूड़े के ढेर में एक किशोर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव को सबसे पहले कूड़ा बीनने वाले कुछ बच्चों ने देखा। फिर देखते ही देखते भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हाथ-पैर बंधे मिले

मंडे की सुबह नवाबगंज में पनघैली नदी के पास कुछ बच्चे कूड़ा बीन रहे थे। तभी उन्हें कूड़े के ढेर में एक बोरा पड़ा दिखा। बच्चों जब उसे खोलकर देखा तो उसमें किशोर का शव देख चिल्लाने लगे जिस पर रामलीला ग्राउंड से निकल रहे लोगों ने वहां जाकर देखा तो प्लास्टिक के बोरे में एक किशोर का शव पड़ा हुआ था। उसके शव को पहले जूट के बोरे और बाद में प्लास्टिक के बोरे में बांधा गया था। इसके साथ ही मृतक के हाथ पैरों को कई रस्सियों और कपड़े से बांधने के बाद बोरों में रखा गया था। वहीं उसके गले में भी रस्सी का फंदा लगा हुआ था। जिससे देख कर ऐसा लगता था कि रस्सी के फंदे से फांसी लगा कर उसकी हत्या की गयी है।

नहीं हो सकी शिनाख्त

मृतक ने कस्बे के सेंट पाल्स स्कूल ड्ेस का नीले रंग का स्वेटर और नीले रंग की जीस पहन रखी थी। उसकी उम्र 12 वर्ष के आस-पास होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद आस पड़ोस के लोगो को मौके पर बुला कर शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। वहीं सेंट पाल्स स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि जो स्वेटर किशोर पहने है वह चार साल पहले बंद कर दिया है।

हत्या की रिपोर्ट दर्ज

सूचना पर पहुंचे एसपीआर डॉक्टर संसार सिंह, सीओ योगेन्द्र कुमार, फील्ड यूनिट और डाग स्क्वॉयड की टीम ने जांच पड़ताल की। लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। वहीं तुमडिया के वेदराम गंगवार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल गौरव सिहं ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।