- जनवरी में हुई थी सगाई, सितंबर में होनी थी शादी

-

आगरा। सालों की दोस्ती, परिवार एक दूसरे से परिचित, सगाई हो गई थी, तो ऐसा क्या हुआ कि अंजाम तक पहुंचने से पहले ही इस रिश्ते का दु:खद अंत हो गया। शनिवार को मौके पर हर व्यक्ति की जुबां पर कुछ ऐसी ही सवाल थे, लेकिन इनका जवाब किसी के पास नहीं था। परिवारीजन भी इस संबंध में ज्यादा कुछ बताने से बच रहे थे।

दोनों संबंध से खुश थे

हिना के पिता का कहना था कि पता नहीं ऐसा क्यों हुआ। 26 जनवरी को दोनों की सगाई हुई थी। सितम्बर में शादी होनी थी। कमरे में दोनों आराम से बात कर रहे थे। उनके बीच क्या चल रहा था, उन्हें कुछ नहीं पता। दोनों ही इस संबंध से खुश थे। दोनों परिवार में भी ऐसी कोई बात नहीं थी।

सात महीने से थी दोस्ती

सूत्रों की मानें तो दोस्त सलमान ने पुलिस को बताया कि नदीम बड़ा कारोबारी है। हिना उसके रिश्ते में ही लगती थी। घर पर आना- जाना भी था। दोनों सालों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों में अच्छी दोस्ती भी थी। कुछ महीने पहले दोनों में नजदीकी बढ़ीं, तो परिवारीजनों ने उनको शादी के बंधन में बांधने का फैसला किया। दो महीने पहले सगाई कर दी।

मनाने आया था

सबकुछ ठीक चल रहा था कि एक महीने पहले से दोनों के बीच तकरार होना शुरू हो गई। रिश्तों में अनबन ने एक बार जो कड़वाहट घोली, वो गुजरते वक्त के साथ बढ़ती ही चली गई। इस दौरान नदीम इस कड़वाहट को दूर करने का प्रयास करता रहा। रविवार को भी वह इस कड़वाहट को दूर कर रिश्तों में मिठास घोलने आया था। सलमान ने बताया कि अलीगढ़ से वह उससे यह बोल कर लाया था कि वह उसे(हिना) को मना कर रहेगा। नदीम उसे बहुत प्यार करता था।

रिवॉल्वर की दोस्त को नहीं पता था

नदीम अलीगढ़ से रिवॉल्वर लेकर चला था, इसकी जानकारी उसके साथ आए दोस्त सलमान को भी नहीं थी। सलमान ने बताया कि नदीम की बात सुनकर उसे लगा था कि वह हिना को मना लेगा। लेकिन, उसे नहीं पता था कि वह हथियार भी लेकर आया है। इस बारे में नदीम ने भी उसे जानकारी नहीं दी।

बाहर की तरफ दौड़े परिजन

घटना के समय सलमान घर में सीढि़यों के पास बैठा था। नदीम और हिना दोनों कमरे में अंदर बात कर रहे थे। परिजन दूसरे कमरे में थे। तभी फायरिंग की आवाज सुन परिजन बाहर की तरफ दौड़े। उन्हें लगा कि बाहर कुछ हुआ है। बाहर आए तो सन्नाटा पसरा हुआ था। लेकिन, फायरिंग की आवाज सुन आसपास के लोग भी निकल आए। परिजन पीछे मुड़े तो एक कमरे के दरवाजे के नीचे से बहता हुआ खून बाहर आ रहा था। खून को देख उन्हें मामला गड़बड़ लगा।

दरवाजा से बहता खून दिखा

परिजनों ने दरवाजा ठोकना शुरू कर दिया, लेकिन अंदर से कोई भी आवाज नहीं आई। आसपास के लोग भी पहुंच गए। दरवाजा तोड़ा गया। अंदारा का नजारा देख हर कोई स्तब्ध रह गया। परिजनों की चीख निकल गई। नदीम और हिना दोनों मृत अवस्था में पड़े थे। दोनों के ही गोली लगी थी।