ALLAHABAD: गोंडा से हींग बेचने इलाहाबाद आए एक शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लोगों ने उसकी लाश सिविल लाइंस स्थित रेलवे कॉलोनी के निकट सड़क के किनारे देखी तो पुलिस को सूचना दी। मृतक के मुंह से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे। स्थानीय लोग उसकी हत्या की आशंका जता रहे थे।

गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र स्थित गोलई गोवा पुरवा गांव का रोशनलाल हींग बेचता था। गुरूवार दोपहर में उसकी लाश सड़क किनारे दिखी तो लोगों ने सौ नम्बर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की तो जेब से उसका पहचान पत्र व कुछ कागजात मिले। इसके आधार पर उसकी पहचान हुई। रोशन के हाथ में एक झोला भी था, जिसमें करीब एक किलो हींग थी। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सुनील दुबे का कहना है कि जांच पड़ताल के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों को खबर दी गई है और वे आ रहे हैं।