- 20 फिट गहरे गड्ढे में काम कर रहे थे दो मजदूर

- मिट्टी की ढांग गिरने से उसके नीचे दब गए दोनों

- दो घंटे तक चला फायर ब्रिगेड का रेस्क्यू ऑपरेशन

- एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत, दूसरा गंभीर

मेरठ : सराय काजी में सीवर लाइन के लिए चल रहे काम के दौरान 20 फिट गढ्ढे में मिट्टी की ढांग गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। फायर बिग्रेड ने दो घंटे का रेस्क्यू आप्रेशन चलाकर दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे एडीएम सिटी ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच के आदेश किए गए हैं।

क्या था मामला

मेडिकल थाना क्षेत्र के सराय काजी में नगर निगम के जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए जेसीबी से करीब 20 फिट गहरा गड्ढा खोदा गया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वकील और अफजाललाइन बिछाने के लिए गढ्ढे में नीचे उतरे। अचानक मिट्टी की ढांग गिरने से दोनों उसके नीचे दब गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलने पर एडीएम सिटी मुकेश चंद, फायर ब्रिगेड के सीएफओ अजय शर्मा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने मिट्टी से नीचे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया। उपचार के दौरान अफजाल की मौत हो गई। दूसरे मजदूर वकील की हालात स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

-----

मामले की जांच शुरू करवा दी गई है। इसमें यह देखा जाएगा कि इतना गहरा गढ्डा किसके आदेश पर खोदा जा रहा था।

-एडीएम सिटी मुकेश चंद

नहीं थी सिक्योरिटी

सीवर लाइन में 20 फिट गहरे गड्ढे में दो मजदूर बिना सिक्योरिटी के किसे आदेश में काम कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है।