RANCHI : भादो महीना चल रहा है। ऐसी मान्यता है कि इस महीने में कोई भी शुभ कार्य वर्जित माना जाता है। कारोबार के लिहाज से भी भादो को 'काला महीना' माना जाता है। इसी का असर है कि इस महीने में फ्लैट और प्लॉट की रजिस्ट्री का भी ग्राफ काफी गिर गया है। हर दिन गिने-चुने ही लोग जमीन रजिस्ट्रेशन के लिए रजिस्ट्री ऑफिस आ रहे हैं। इस कारण सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। अब नवरात्र से ही जमीन व फ्लैट की रजिस्ट्री में तेजी आने की उम्मीद है।

कम हो रही है रजिस्ट्री

रांची के सब रजिस्ट्रार राहुल चौबे ने बताया कि भादो शुरू होते ही फ्लैट व प्लॉट की रजिस्ट्री कम हो गई है। लोगों का मानना है कि शुभ कार्य करने के लिए यह महीना अच्छा नहीं है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ इसी भादो में रजिस्ट्री की संख्या कम हुई है। हर साल भादो के महीने में रजिस्ट्री की संख्या कमोबेश एक जैसी ही रहती है।

हर दिन हो रही 70-80 रजिस्ट्री

जहां सामान्य दिनों में रांची जिले के अंतर्गत स्थित रजिस्ट्री ऑफिसेज में हर दिन 200 से 250 प्लॉट व फ्लैट की रजिस्ट्री होती है, वहीं भादो के महीने में यह संख्या एक चौथाई पर आकर अटक जाती है। फिलहाल मात्र 70 से 80 रजिस्ट्री ही हर दिन हो रही है। रजिस्ट्री ऑफिस में लोगों की भीड़ भी नहीं लग रही है। रजिस्ट्री कम होने से ऑफिस कर्मी को भी थोड़ी फुर्सत मिल जा रही है।

अक्टूबर से आएगी रजिस्ट्री में तेजी

अक्टूबर में नवरात्र के शुरू होने के साथ ही रजिस्ट्री में तेजी आने की उम्मीद है। रांची में खुल रहे एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ने बताया कि वे जमीन का एग्रीमेंट करा चुके हैं, लेकिन रजिस्ट्री भादो महीने के बाद कराएंगे। इसके बाद ही बिल्डिंग कंस्ट्र्क्शन का काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि एक महीने तक जमीन की रजिस्ट्री अगर नहीं होती है तो इससे बहुत ज्यादा नुकसान होने की आशंका नहीं है। कोई भी शुभ काम शुभ महीने में ही शुरू करेंगे।

भादो में शुभ काम पर लग जाता है ब्रेक

भादो महीने में शुभ काम पर ब्रेक लग जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस महीने में भगवान विष्णु पाताल लोग में शयन के लिए चले जाते हैं। किसी भी शुभ काम के लिए भगवान विष्णु को साक्षी माना जाता है। ऐसे में उनके पाताल में वास होने से इस माह में कोई भी शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं।