- नगर निगम ने इंदौर मॉडल पर काम करना शुरू किया

- प्रयोग के तौर पर दो दिन रात में की थी निगम ने शहर के एक दर्जन वार्डो में सफाई

मितेंद्र गुप्ता

मेरठ। शहर में अब दिन में नहीं रात में भी सफाई होगी। नगर निगम ने दिन और रात में सफाई करने की योजना बनाई है। इंदौर मॉडल को अपनाते हुए नगर निगम ने दो दिन प्रयोग के तौर रात में सफाई भी कराई थी। प्रयोग सफल रहा था, लिहाजा निगम जल्द ही इस प्रयोग को नियमित करने जा रहा है।

दीपावली को होगी शुरू

नगर निगम के योजना के अनुसार दीपावली के बाद पूरे शहर में दिन में और रात में सफाई कराई जाएगी। जिसके लिए नगर निगम ने दो अलग-अलग टीम बना दी हैं। एक टीम दिन में और एक टीम रात में सफाई किया करेगी।

ये भी है योजना

इंदौर मॉडल को चार दिन तक देखने के चार नगर आयुक्त ने मेरठ में लागू करने की योजना बनाई है। पहले दो टाइम सफाई व्यवस्था शुरू करने की योजना है। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो शहर में तीन टाइम सफाई व्यवस्था लागू होगी। लेकिन इसमें अभी समय लगेगा। इस साल के अंत में या फिर अगले साल के शुरू में यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। सुबह, दोपहर और रात में निगम के कर्मचारी शहर से गंदगी उठाने का काम करेंगे।

शहर में दो समय सफाई व्यवस्था शुरू करने की योजना बनाई है। टीमों का गठन किया जा रहा है। दीपावली के बाद इसको लागू कर दिया जाएगा। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो सुबह दोपहर और शाम को सफाई व्यवस्था को भी लागू किया जाएगा।

डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम

--------

सफाई दो टाइम हो जाए तो शहर साफ हो जाएगा। हम जो स्मार्ट सिटी के लिए प्रयास कर रहे हैं वह अपने आप ही बन जाएगा। निगम को पहले ही इस ओर ध्यान देना चाहिए था।

-अशोक

शहर में गंदगी का बुरा हाल है। यदि निगम ने दो टाइम सफाई की योजना बनाई तो बहुत अच्छा है। जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा रहता है। शहर कम से कम साफ तो दिखाई देगा।

-रिजवान

नगर निगम के कर्मचारी सफाई तो करते ही नहीं है। पहले डोर टू डोर कूड़ा क्लेक्शन का काम शुरू हुआ था। लेकिन कुछ दिन बाद वह बंद हो गया। उस समय शहर में थोड़ी सफाई दिखाई देती थी। देखते यह योजना कब तक चलती है।

-मनोज

सफाई मुख्य मार्गो से कूड़ा उठा लेते हैं। लेकिन गलियों में महीने में एक बार भी सफाई नहीं करते हैं। प्राइवेट कर्मचारियों से कूड़ा उठवाना पड़ता है। सफाई की ओर निगम को ध्यान देना चाहिए।

मुकेश कुमार