मुंबई (एएनआई)। बाॅलीवुड एक्टर्स रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के रिश्तों में खटास को लेकर काफी अफवाहें चल रही हैं। अब दीपिका ने इस पर चुप्पी तोड़ी है। दीपिका हाल ही में मेघन मार्कल के पॉडकास्ट में दिखाई दीं। इस पॉडकास्ट में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई मगर जिस बात को लेकर सबका फोकस था, वो था दीपिका और रणवीर का रिश्ता। दीपिका ने सभी अफवाहों को खारिज कर दिया और पुष्टि की कि रणवीर के साथ सब ठीक है।

वह मेरा चेहरा देखकर खुश होते हैं
पॉडकास्ट पर मेघन से बात करते हुए, दीपिका ने कहा कि रणवीर एक हफ्ते के लिए किसी संगीत समारोह में भाग लेने के लिए दूर हैं और जब वह वापस आएंगे तो उन्हें देखकर खुशी होगी। दीपिका ने कहा, "मेरे पति एक सप्ताह के लिए एक संगीत समारोह में थे और वह अभी घर वापस आए हैं। इसलिए, वह मेरा चेहरा देखकर खुश होंगे।"

अलग होने की खूब फैली अफवाह
पिछले महीने सोशल मीडिया पर दोनों के अलग होने की अफवाहों की बाढ़ सी आ गई थी। जबकि दोनों ने वास्तव में इस पर कोई कमेंट नहीं किया। पिछले हफ्ते, रणवीर ने सोशल मीडिया पर अपने हॉट पिंक लुक अवतार की तस्वीरें साझा कीं। पैंट से लेकर शर्ट, जूते और रंगों तक, रणवीर ने सिर से पैर तक गुलाबी रंग के कपड़े पहने थे। इस पर दीपिका ने भी मजेदार कमेंट किया था। रणवीर और दीपिका ने छह साल तक डेटिंग करने के बाद 14 नवंबर 2018 को शादी कर ली थी।

दीपिका के पास हैं काफी फिल्में
इस बीच, वर्क फ्रंट की बात करें तो दीपिका 'पठान' में शाहरुख खान के साथ स्क्रीन स्पेस साझा करती नजर आएंगी, जिसमें जॉन अब्राहम भी हैं। एक्शन ड्रामा 25 जनवरी, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। दीपिका अमिताभ बच्चन के साथ 'द इंटर्न' में और साउथ एक्टर प्रभास के साथ एक फिल्म 'प्रोजेक्ट-के' में भी दिखाई देंगी। उनकी झोली में ऋतिक रोशन के साथ 'फाइटर' भी है।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk