अयोध्या (पीटीआई)। Diwali 2020 in Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक भव्य दीपोत्सव मनाने के लिए अयोध्या पहुंचने वाले हैं। इस दाैरान अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की परियोजना सहित, एक दर्जन से अधिक विकास परियोजनाओं की साैगात दीवाली पर मिलने संभावना है। वहीं अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर सरयू नदी तट के साथ 5.51 लाख मिट्टी के दीये जलाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की कोशिश है। इस संबंध में अयोध्या के जिलाधिकारी ने बताया कि 3 बजे मुख्यमंत्री जी का आगमन होगा। उसके बाद के मुख्य कार्यक्रम में रामलला के यहां दीप प्रज्जवलित होगा, सरयू तट पर भरत मिलाप होगा, सरयू की आरती के बाद 6 बजे मुख्य कार्यक्रम है।


राम की पैड़ी को रंगोली और दीयों से सजाया जा रहा
अयोध्या में होने वाले इस दीपोत्सव कार्यक्रम के​ लिए राम की पैड़ी को रंगोली और दीयों से सजाया जा रहा है। आज 5.51 लाख दीये जलाए जाएंगे, दीयों की गिनती के लिए घाट पर वालंटियर लगाए गए हैं। अयोध्या में आज होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम से पहले शोभा यात्रा निकाली गई। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार कोविड-19 महामारी के चलते एहतियात के तौर पर इस वर्ष अयोध्या में वर्चुअल दीपोत्सव की व्यवस्था की गई है।
पहले भी अयोध्या में बनाए जा चुके हैं रिकाॅर्ड
दिवाली पर जो भक्त अयोध्या पहुंचने में असमर्थ हैं, वे वेबसाइट के माध्यम से श्री राम लाला विराजमान के सामने एक दीप जला सकेंगे। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को कहा कि दीपोत्सव पहली बार अयोध्या में राम जन्मभूमि पर आयोजित किया जाएगा। अयोध्या दीपोत्सव 2018 में 3 लाख 1186 दीप जलाकर गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ था। इसके बाद 2019 में 4 लाख 9 हजार 965 दीप जलाकर रिकाॅड बना है।

National News inextlive from India News Desk