नई दिल्ली (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चंद्रमा की सतह पर 'चंद्रयान -2' की सफल लैंडिंग को देखने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने दिल्ली के छात्र मनोग्य सिंह सुयांश को चुना है। सुयांश उन 60 छात्रों में से एक हैं जिन्हें 7 सितंबर को बेंगलुरु के इसरो मुख्यालय में 'चंद्रयान -2' की सफल लैंडिंग को देखने के लिए को देश भर से चुना गया है। इसरो द्वारा सुयांश को भेजे गए लेटर में कहा गया है, 'इसरो को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आपको भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की उपस्थिति में, बेंगलुरु में स्थित इसरो ट्रैकिंग सेंटरमें 07 सितंबर, 2019 को चंद्रमा पर ऐतिहासिक चंद्रयान -2 के लैंडिंग को देखने के लिए चुना गया है। आपसे अनुरोध है कि शुक्रवार, 06 सितंबर, 2019 को एक अभिभावक के साथ दोपहर 2 बजे तक बेंगलुरु पहुंचें।'

बच्चों की जानकारी बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया क्विज कांटेस्ट

बता दें कि इसरो ने आठवीं से दसवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए एक 'स्पेस क्विज' आयोजित किया था। इसमें 10 मिनट में सबसे सही उत्तर देने वाला बच्चा विजेता बना। मानव संसाधन विकास (HRD) मंत्रालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और अन्य राज्य बोर्डों को इस क्विज में हिस्सा लेने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए लिखा था। यह क्विज कांटेस्ट भारत के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम के बारे में बच्चों की जानकारी बढ़ाने के इरादे से आयोजित किया गया था।

Chandrayaan 2: ISRO ने किया ट्वीट, 20 अगस्त को चांद पर पहुंचेगा स्पेसक्राफ्ट

चांद की सतह पर साॅफ्ट लैंडिंग कराने वाला भारत चौथा देश

बता दें कि यह मिशन दुनिया का पहला अंतरिक्ष अभियान है, जिसमें चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर साॅफ्ट लैंडिंग होनी है। चंद्रयान-2 भारत का पहला खोजी अभियान है, जिसमें पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। मून मिशन की सफलता के बाद चांद की सतह पर साॅफ्ट लैंडिंग कराने वाला भारत दुनिया का चाैथा राष्ट्र बन जाएगा।

National News inextlive from India News Desk