नई दिल्ली (एएनआई)। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर बंद की गई जामा मस्जिद शनिवार को जनता के लिए फिर से खुल गई। जामा मस्जिद के खुलने से लोगों में खुशी की लहर दाैड़ गई है। इस संबंध में जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा कि यह सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहेगी। इस दाैरान यहां सोशल डिस्टेंसिंग काे फाॅलो किया जाएगा क्योंकि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए इसे मेनटेन रखना बहुत जरूरी है। इस बीच फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने कहा, फतेहपुरी मस्जिद को अब फिर से खोलने की अनुमति है। हालांकि इस दाैरान हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि कोविड-19 अभी भी है। हमें मास्क पहनने समेत सभी सावधानियां बरतनी होंगी।

धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक इमारतें व पर्यटन स्थल खुलते जा रहे

बता दें कि कोरोना वायरस संकट के बीच अब देश में धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक इमारतें व पर्यटन स्थल धीरे-धीरे खुलते जा रहे हैं। हैदराबाद में दो प्रमुख पर्यटक आकर्षण ऐतिहासिक चारमीनार और गोलकुंडा किला 6 जुलाई से फिर से खोले जाएंगे। हालांकि इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों ने एक गाइड लाइन जारी की है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन केंद्र द्वारा संरक्षित स्मारकों पर 2,000 से अधिक पर्यटकों को अनुमति नहीं दी जाएगी।

यूपी के आगरा में ताजमहल भी पर्यटकों के लिए खुलने जा रहा

वहीं यूपी के आगरा में ताजमहल भी पर्यटकों के लिए खुलने जा रहा है। टूरिज्म इंडस्ट्री ने 6 जुलाई से ताजमहल और अन्य एएसआई संरक्षित स्मारकों को फिर से खोलने के केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के फैसले का स्वागत किया है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह ने गुरुवार को ट्वीट किया था कि एएसआई स्मारकों को जरूरी सावधानी और पूर्ण सुरक्षा उपायों के साथ खोला जाना है। वहीं इस फैसले के बाद टूरिज्म इंडस्ट्री ने इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दीं।

National News inextlive from India News Desk