कानपुर। Delhi Model Town election result 2020: दिल्‍ली की 70 विधानसभा सीटों में से एक मॉडल टाउन, चांदनी चौक लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है। यहां पर मुख्‍य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के उम्‍मीदवार कपिल मिश्रा व आम आदमी पार्टी के अखिलेश पति त्रिपाठी के बीच है। कांग्रेस ने यहां से आकांक्षा ओला को कैंडिडेट बनाया है। कपिल मिश्रा AAP के उम्मीदवार से 11133 वोटों से हार गए हैं। कपिल मिश्रा को 41357 वोट मिले हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंदी अखिलेश पति त्रिपाठी ने 52494 वोट हासिल किए हैं।

2015 में अखिलेश पति त्रिपाठी यहां से चुने गए विधायक

साल 2020 में एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरे आम आदमी पार्टी (AAP) के अखिलेश पति त्रिपाठी यहां से विधायक हैं। 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में, अखिलेश पति त्रिपाठी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विवेक गर्ग को 16,706 वोटों के अंतर से हराया था। कांग्रेस के कंवर करण सिंह 8,992 वोट पाकर तीसरे स्थान पर थे। तब मॉडल टाउन विधानसभा सीट से सात उम्‍मीदवार मैदान में थे। वहीं, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में इस विधानसभा क्षेत्र से कुल आठ उम्मीदवार उतरे हैं, जिनमें अखिलेश पति त्रिपाठी (AAP), आकांक्षा ओला (कांग्रेस), कपिल मिश्रा (बीजेपी), प्रमोद कुमार साहनी (निर्दलीय), अंबिका प्रसाद वर्मा (निर्दलीय), बाबू राम पाल (निर्दलीय), राजेश कुमार तिवारी (निर्दलीय) और विकास (निर्दलीय) शामिल हैं।

कपिल मिश्रा ने बदली सीट

पिछली बार करावल नगर से आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतने वाले कपिल मिश्रा इस बार सीट व पार्टी दोनों ही बदलकर मॉडल टाउन से मैदान में उतरे हैं। वे केजरीवाल सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। इस बार वे बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। यहां, अखिलेश पति त्रिपाठी और कपिल मिश्रा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।

चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है मॉडल टाउन

यह दिल्ली की 70 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए मतदान 8 फरवरी को हुआ, जबकि परिणाम 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। मॉडल टाउन विधानसभा सीट चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में 1,46,92,136 मतदाता हैं और 13,750 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए थे। अगर मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो 2015 में यहां 1,53,667 मतदाता थे, जिनमें से 85,189 पुरुष और 68,475 महिलाएं थीं। तब इस क्षेत्र में 67.9 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, इस बार यहां 55.85 प्रतिशत मतदान हुआ है।