कानपुर। देश की राजधानी दिल्ली में इधर कई दिनों से स्टूडेंट प्रोटेस्ट कर रहे हैं। जवाहरल लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के बाद आज यहां जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट प्रोटेस्ट कर रहे हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई के एक ट्वीट के मुताबिक जामिया मिलिया इस्लामिया की वाइस चांसलर नजमा अख्तर के ऑफिस के बाहर बड़ी संख्या में स्टूडेंट इकट्ठा हैं। नाराज प्रदर्शनकारी छात्र वीसी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। स्टूडेंट एग्जाम की डेट रीशेड्यूल, पुलिस के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और छात्रों को सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।


गोले दागने के बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया
बता दें कि बीते साल की 15 दिसंबर को नागरिकता (संशोधन) एक्ट के खिलाफ दिल्ली के जामिया नगर में विरोध प्रदर्शन हुआ था। इस दाैरान प्रदर्शनकारी काफी उग्र हो गए थे। इसमें जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों के शामिल होने की बात सामने आई थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था और पुलिस ने विरोध के दौरान हुई हिंसा के संबंध में संपत्ति की क्षति और दंगों से संबंधित प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने के बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था।

इस घटना में 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे
जामिया नगर इलाके में घटना के बाद जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों के समर्थन में देश भर के कई शिक्षण संस्थान सामने आए थे। जामिया मिलिया इस्लामिया की कुलपति नजमा अख्तर ने कहा था इस घटना में 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इसमें से कई विश्वविद्यालय के छात्र थे। नजमा अख्तर ने यह भी कहा था कि विश्वविद्यालय प्रशासन कैंपस में जबरन घुसने और कथित रूप से संपत्ति को नष्ट करने के लिए दिल्ली पुलिस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगी।

National News inextlive from India News Desk