RANCHI: राजधानी में लोगों को अब खतरनाक हो चुके मच्छरों के आतंक से छुटकारा दिलाने के लिए नगर निगम गंभीर हो गया है। इसके लिए नगर निगम ने तीन कोल्ड मशीनों की खरीदारी का टेंडर कर दिया है। वहीं 20 नई फॉगिंग मशीनें खरीदने का बजट भी पास कर दिया गया है। इससे इतना तो तय है कि इस बार मच्छर लोगों को परेशान नहीं कर सकेंगे। बताते चलें कि पिछले कुछ सालों में मच्छरों के कारण सिटी में डेंगू और मलेरिया के काफी मरीज मिले थे। वहीं कुछ मरीजों की मौत भी हो गई थी।

हर एरिया में होगी फॉगिंग

रांची नगर निगम के 2020-21 के बजट में 20 आटो माउंट फॉगिंग मशीन खरीदने पर सहमति मिल चुकी है। इसके लिए 1.5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इन मशीनों से सिटी के हर एरिया में फॉगिंग कराई जाएगी, जो पहले की मशीनों की तुलना में कारगर भी होगा। इससे मच्छरों को पनपने से रोका जा सकेगा।

तीन नई मशीनें काम करेंगी ज्यादा

कोल्ड फॉगिंग मशीनों में पानी में केमिकल मिलाकर छिड़काव किया जाता है। जिससे कि पॉल्यूशन नहीं होता है और छिड़काव करने से किसी तरह का नुकसान भी नहीं होता। नगर निगम ने प्रयोग के तौर पर पहले तीन मशीनें खरीदी थीं। इसके बाद तीन नई मशीनें खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही मशीन खरीद कर रोस्टर बनाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा एरिया को एक दिन में कवर किया जा सके।

डेंगू, मलेरिया ने बरपाया था कहर

पिछले दो सालों में डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया ने राजधानी में कहर मचाया था। सिटी के हर इलाके में मरीजों के मिलने का सिलसिला तेजी से बढ़ा था। इसके बाद रांची नगर निगम ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर फॉगिंग और छिड़काव कराया। तब जाकर नगर निगम ने मच्छरों पर कंट्रोल करने में सफलता हासिल की। लेकिन संसाधनों की कमी होने के कारण कुछ दिनों के बाद ही मच्छर पनपने लगे।