10 लोगों में शनिवार को हुई डेंगू की पुष्टि

एक और मरीज में मिला स्वाइन फ्लू पॉजिटिव

29 मरीजों में अब तक डेंगू की हुई पुष्टि

395 से ज्यादा मरीजों में अब तक स्वाइन फ्लू की पुष्टि

108 रूम नंबर में सीएमओ में दी जाएगी डेंगू के मरीजों की जानकारी।

7838130857 नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए भी ली जा सकती है मदद।

Meerut। डेंगू और स्वाइन फ्लू शहरवासियों पर कहर बरपा रहे हैं। शनिवार को 10 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई जबकि एक मरीज में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया। मरीजों की बढ़ती संख्या से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने टीम को सर्वे के निर्देश दे दिए हैं। वहीं हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

जरा समझ लें

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के हिसाब से अब तक डेंगू का मच्छर शहर में 29 मरीजों को अपनी जद में ले चुका है। वहीं 5 से अधिक केस मेरठ के आसपास के क्षेत्र के हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल 395 से ज्यादा मरीजों मेंस्वाइन फ्लू पुष्टि हो चुकी है।

अभियान के बाद भी बेकाबू महामारी

स्वास्थ्य विभाग और जिला मलेरिया विभाग की ओर से दो बार संचारी रोग नियंत्रण अभियान भी चलाया गया है। बावजूद इसके बीमारियां महामारी बनकर लोगों पर टूट रही हैं। बेकाबू होते हालातों को देख स्वास्थ्य विभाग ने टीम को सर्वे के निर्देश दे दिए हैं। इसके तहत विभाग की टीमें प्रभावित जगहों पर जाकर बीमारी अधिक फैलने के कारणों के बारे में जानकारी हासिल करेंगी। डेंगू के मरीजों की जानकारी सीएमओ में रूम नंबर 108 में दी जाएगी। जबकि 7838130857 नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए भी मदद ली सकती है।

डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोगों से अपील है कि वह घर में कहीं भी पानी इकट्ठा न होने दें। सावधानी बरतकर ही बीमारियों से बचा जा सकता है।

डॉ। राजकुमार, सीएमओ, मेरठ