जमशेदपुर : नेशनल हाइवे स्थित मंगल कॉलोनी डेंगू से जंग लड़ रही है। 200 आबादी वाले इस क्षेत्र में करीब 35 लोगों में कोई डेंगू से पीडि़त है तो किसी को लंबे समय से बुखार है। मच्छरों के प्रकोप से हर कोई परेशान है। शुक्रवार को इन सारे समस्याओं को लेकर कॉलोनी के लोगों का गुस्सा फुट पड़ा और शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिए। धर्म सिंह के घर में तीन बच्चे बुखार से पीडि़त हैं। इसमें दो जुड़वा बच्चे व एक तीन माह की बच्ची है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में कभी भी नगरपालिका की टीम न तो कचरा उठाने आती है और ही फागिंग होती है। कॉलोनी में तीन टायर गोदाम हैं। इसी के कारण मच्छरजनित बीमारियां तेजी से पांव पसार रही हैं। डेंगू के खौफ से सहमे लोग पपीता व गिलोय का जूस भी पी रहे हैं। कॉलोनी के लोगों ने तय किया कि शनिवार को वे लोग उपायुक्त से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे।

जिले में अब तक 44 मरीज

जिले में अबतक 44 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। प्रदर्शन करने में भाजपा नेता विकास सिंह, अमरेंद्र पासवान, शेखर शर्मा, रविंदर कौर सहित अन्य लोग शामिल थे।

अस्पताल में जगह नहीं

लोगों का कहना है कि कई लोग की तबीयत खराब होने के बाद वे इलाज कराने अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां बेड नहीं होने की बात कह कर लौटा दिया गया। इसके बाद भी प्रशासन नहीं चेत रहा है।

ये हैं बीमार

- मनरीत व मनरुप कौर जुड़वा है। दोनों को बुखार है।

- रविंदर कौर डेंगू रोग से पीडि़त हैं। वे देवकी अस्पताल में भर्ती है।

- एमवी सांई भी डेंगू से पीडि़त है।

- सुनीता देवी को डेंगू है। वह गुरुनानक हॉस्पिटल में भर्ती है।

- सुभद्रा देवी शुक्रवार की शाम हॉस्पिटल से छुट्टी होकर लौटी है।

- हर्षजोत तीन माह की बच्ची है। उसे बीते एक सप्ताह से बुखार है।

- गुरप्रीत कौर डेंगू रोग से बीमार है। इसके साथ ही और भी कई लोग डेंगू से ग्रस्त हैं।

.बॉक्स

मानगो व जुगसलाई में मिला डेंगू का लार्वा

जमशेदपुर : डेंगू रोग के खिलाफ शुक्रवार को जिला फाइलेरिया व मलेरिया विभाग की टीम संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान मानगो, सीतारामडेरा स्थित छाया नगर व जुगसलाई में डेंगू का लार्वा पाया गया। उन सारे लार्वा को नष्ट कर शाम में फागिंग भी किया गया। इसके साथ ही लोगों को जागरूक भी किया गया। जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ। एके लाल ने बताया कि डेंगू रोग के खिलाफ सभी को जागरूक होने की जरूरत है।